UP Board Exam 2023: हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के दो हजार से अधिक विद्यार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
प्रथम पाली में हाईस्कूल संस्कृत में 387 व इंटर चित्रकला में 1644 रहे अनुपस्थित
अयोध्या, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद से संचालित वर्ष 2023 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 16 फरवरी से चल रही हैं। जिले में 133 केन्द्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण चल रही है। अभी तक केवल एक मुन्ना भाई को छोड़कर किसी भी परीक्षार्थी को नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया है। हाईस्कूल की परीक्षाएं तीन मार्च को और इंटर की परीक्षाएं चार मार्च को समाप्त होंगी।
बुधवार को जनपद में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के दो हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के परीक्षा नियंत्रण कक्ष के प्रभारी अशोक सरोज ने बताया कि जिले में अभी तक किसी भी छात्र को नकल करते नहीं पकड़ा गया है। सभी केन्द्रों पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। बुधवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल संस्कृत विषय की परीक्षा में 5149 पंजीकृत रहे जिसमें 4762 उपस्थित व 387 अनुपस्थित रहे।
वहीं इंटरमीटएट चित्रकला विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 12142 पंजीकृत रहे जिसमें से 10498 उपस्थित और 1644 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार से बुधवार को द्वितीय पाली में हाईस्कूल संगीत वादन विषय में जिले में एक एक बच्चा था वह भी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। बताया गया कि त्रुटिवश संगीत वादन विषय आ गया है। द्वितीय पाली के दौरान इंटरमीडिएट उर्दू विषय की परीक्षा के लिए जिले में कुल 452 पंजीकृत, रहे जिसमें 420 उपस्थित व 32 अनुपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या में रामनवमी पर ट्रस्ट मनाएगा 10 दिवसीय श्रीराम जन्मोत्सव
