बरेली: वितरण में 2500 क्विंटल गेहूं पड़ा कम, पंजाब से की जाएगी आपूर्ति
बरेली, अमृत विचार। जिले में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्ड धारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है। 20 से 28 फरवरी तक वितरण की तिथि शासन की तरफ से निर्धारित की गई, लेकिन सभी दुकानों पर अभी खाद्यान्न नहीं पहुंच पाया है। खाद्यान्न आपूर्ति में गेहूं की मात्रा एफसीआई गोदाम पर कम पड़ गई है। इस वजह से कुछ दुकानों पर राशन का वितरण रुका हुआ है।
जिले को करीब 7.8 लाख अंत्योदय व पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को लगभग 1.72 लाख क्विंटल खाद्यान्न का आवंटन प्रत्येक चक्र में होता है। जिसकी आपूर्ति एफसीआई के गोदामों से कराई जाती है। कोटेदारों की दुकानों पर यह खाद्यान्न सिंगल स्टेज व्यवस्था के तहत पहुंचाया जाता है।
इस माह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न का वितरण कार्ड धारकों को मुफ्त किया जा रहा है, जिसमें राशन की दुकानों पर करीब 2500 क्विंटल गेहूं कम पड़ गया है। कई जगह गेहूं की आपूर्ति नहीं होने से वितरण रुक गया है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि पंजाब से रैक आ रही है। जिसके बरेली पहुंचते ही जिन दुकानों पर खाद्यान्न नहीं पहुंचा है, वहां वितरण शुरू कराया जाएगा। उम्मीद है कि गुरुवार को रैक आने के बाद गेहूं की आपूर्ति की जा सकेगी।
मार्च का उठान भी किया गया शुरू
पूर्ति विभाग द्वारा मार्च महीने में गरीब राशन कार्ड धारकों को वितरित किये जाने वाले खाद्यान्न का उठान सिंगल स्टेज व्यवस्था से शुरू करा दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि फिलहाल दुकानों तक चावल की आपूर्ति कराई जा रही है। गेहूं की रैक आते ही कोटेदारों की दुकानों तक मार्च महीने में वितरित किया जाने वाला गेहूं भी पहुंचा दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: झारखंड का तस्कर 400 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार, यूपी समेत अन्य प्रदेशों में करता था सप्लाई
