लखनऊ: फरवरी में मौसम की तपिश से ''झुलस'' रही गेहूं की फसल, कृषि वैज्ञानिकों ने जताई यह संभावना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। फरवरी में बढ़ता तापमान गेहूं की फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो रहा है। जिसकी तपिश रबी यानी सर्द मौसम में होने वाली फसल को झुलसा रही है। प्रदेश की बात करें तो 97.45 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बोवाई की गई है। जिसमें समय से व देर से की गई फसलें मौसम से प्रभावित हैं। दोनों फसलों में बालियां व दाने पड़ने लगे हैं। लेकिन, मौसम का पौधाें पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है।

गर्म मौसम के साथ चल रहीं पछुआ हवाएं भी नुकसान पहुंचा रही हैं। जिससे बालियां व पौधों की लंबाई नहीं बढ़ रही है। दाना भी सिकुड़ रहा है। ऐसी स्थिति में पैदावार घटने की संभावना है। पौधों की लंबाई न बढ़ने से भूसे की पैदावार भी कम होगी। पिछले वर्ष इससे कम तापमान था फिर भी 10 प्रतिशत तक पैदावार कम हुई थी। जिसको लेकर कृषि वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है और किसानों को बचाव की सलाह दी है।

सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक तापमान
लखनऊ की बात करें तो जिले में 81,463 हेक्टेयर में गेहूं की फसल खड़ी है। फरवरी में गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 25.9 व न्यूनतम 10.5 डिग्री सेंटीग्रेड तक होना चाहिए। लेकिन, 22 फरवरी को यहां के कृषि विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 32.1 व न्यूनतम 13.1 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया है। जो पिछले वर्ष 22 फरवरी को अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेंटीग्रेड था। वहीं, इस वर्ष 12 फरवरी को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री व पिछले वर्ष 12 फरवरी को 23.1 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया था।

बढ़वार के लिए हवा बंद होने पर करें सिंचाई : डॉ. अखिलेश
कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष व वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. अखिलेश दुबे ने बताया कि पूरे प्रदेश की यह स्थिति है। मौसम से बढ़वार प्रभावित है। ऐसी स्थिति में किसान हवा न चलने पर शाम के समय पर्याप्त सिंचाई करें। इतना पानी दें जो कि रात में सूख जाए। यदि ज्यादा पानी रहेगा तो हवा से पौधे गिर जाएंगे।

छिटकवा विधि यानी हाथ से की गई बोवाई के लिए ज्यादा नुकसान की संभावना है। सिंचाई के साथ किसान प्रति एकड़ डेढ़ किग्रा एनपीके 18:18:18 या 19:19:19 डेढ़ सौ लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करें। इससे पौधों में पोषकतत्वों की कमी दूर होगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: हाइवे पर दो बड़े हादसे, एक में 4 की मौत, दूसरे में तीन डॉक्टर घायल

संबंधित समाचार