Breaking News : एल्डिको कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में भीषण आग, भारी नुकसान की आशंका
अमृत विचार, लखनऊ। गोमतीनगर स्थित एल्डिको कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई। जिसमें नगर निगम की करीब 30 गाड़ियों के जलने की बात सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने के लिए कार्य शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे की कड़ी मशक्त के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। घटना स्थल पर पुलिस,नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। इस भीषण आग के कारणों की जांच भी शुरु कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को लगी आग से बड़ा नुकसान नगर निगम को हो सकता था, लेकिन फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। दरअसल, जहां पर आग लगी है, वहां पर नगर निगम की कई दर्जन गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इसके अलावा बगल में ही आवासीय कालोनी मौजूद है। ऐसे में यदि आग बढ़ती तो लोगों के जीवन को भी खतरा हो सकता था।
एक ही दिन में दो बार लगी आग
स्थानीय लोगों की मानें तो गुरुवार को दिन के समय भी आग लगी थी,लेकिन उस समय नगर निगम ने ही आग पर काबू पा लिया था,लेकिन जब शाम को दोबारा आग लगी तो आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके बाद दमकल के गाड़ियों की मदद से आग बुझाने में दो घंटे से अधिक समय लग गया। इस दौरान नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह समेत कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
नगर निगम के डंपिंग यार्ड में लगी आग से कई पुरानी गाड़ियां जल गई हैं। जिन्हें हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। कबाड़ गाड़ियों को आग वाले हिस्से से हटाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें : बुलडोजर नीति पर रोक लगाए सरकार : राकेश टिकैत
