बरेली कॉलेज में खुलेगा कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र, सीडीओ ने दिया निर्देश
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों को काफी फायदा मिलेगा। यह बात कहते हुए सीडीओ जग प्रवेश ने बरेली कॉलेज की एनएसएस छात्र इकाई प्रथम के स्वयंसेवकों की मांग पर प्रशिक्षण केंद्र खोलने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजीव यादव के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने बेरोजगार युवाओं को उचित कौशल प्रशिक्षण दिलवाने, बेरोजगारी की समस्या खत्म करने और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने के लिए गुरुवार को विकास भवन जाकर सीडीओ जग प्रवेश से कॉलेज में कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का आग्रह किया। स्वयंसेवकों की मांग पर सीडीओ ने कॉलेज में प्रशिक्षण केंद्र खोलने का निर्देश दिया। इस दौरान कैलाश, चंद्रप्रकाश, सुनील वर्मा, अनिकेत सिंह, गीतांश, सचिन, अनुराग, हर्षित, हर्ष कश्यप, अमन मिश्रा, अमन यादव, आदर्श, समीर, प्रतीक, अवनीश, सौरभ, गौरव, शलभ गुप्ता, अनुज आदि मौजूद रहे।
बैंकिंग कार्यप्रणाली से रूबरू हुए छात्र
बरेली कॉलेज की एनएसएस छात्र इकाई द्वितीय और तृतीय के शिविर में गुरुवार को मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक सिविल लाइंस के मुख्य प्रबंधक डॉ. राकेश रंजन ने स्वयंसेवकों को बैंकिंग कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल बैंकिंग, विद्यार्थी बचत कोष खाता, यूपीआई लेनदेन, शिक्षा के लिए ऋण, डेबिट-क्रेडिट कार्ड आदि महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रमुख रूप से प्रकाश डाला। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. यशार्थ गौतम एवं डॉ. बृजवास कुशवाहा के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने जीरो बैलेंस के खाते भी खुलवाए। शिविर में बैंक से संदीप शर्मा एवं फहाद खान, प्रो. एसी त्रिपाठी, स्वयंसेवकों में रिंकू, हृदेश, उदय, जगतपाल, रजत, सुमित, दीपक, प्रतीक, अनुराग, रजनीश मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बरेली: ई-बसों की संख्या पूरी, होली से पहले शहर में चलने की उम्मीद
