पंजाब बोर्ड: 12वीं की अंग्रेजी परीक्षा स्थगित, पेपर लीक की शिकायत
अमृतसर। पंजाब राज्य शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) ने पेपर लीक की शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को होने वाली 12वीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा स्थगित कर दी। परीक्षा दोपहर बाद दो बजे से शाम 5:15 बजे के बीच आयोजित की जानी थी। पंजाब बोर्ड को आज दोपहर बाद दो बजे से पीएसईबी अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित करनी थी, लेकिन दोपहर बाद 1:30 बजे परीक्षा रद्द करने की घोषणा की गई।
ये भी पढ़ें - कांग्रेस ने किया पूर्वोत्तर राज्यों को ATM की तरह इस्तेमाल, हम उन्हें ‘अष्टलक्ष्मी’ मानते : PM
परीक्षा रद्द करने का कारण अभी घोषित नहीं किया गया है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, प्रशासनिक कारणों से अंग्रेजी परीक्षा रद्द की जा रही है और बोर्ड जल्द ही नई परीक्षा तिथि की घोषणा करेगा। पीएसईबी डेट शीट 2023 के अनुसार, पंजाब बोर्ड अंग्रेजी परीक्षा आज दोपहर बाद दो बजे से 5:15 बजे के बीच आयोजित की जानी थी।
बोर्ड ने पर्यावरण विज्ञान परीक्षा को पुनर्निर्धारित करने वाली परीक्षाओं से पहले डेट शीट को भी संशोधित किया। पंजाब बोर्ड की आज आयोजित होने वाली अंग्रेजी परीक्षा 2023 के लिए तीन लाख से अधिक छात्रों को उपस्थित होना था। निर्धारित समय से सिर्फ 30 मिनट पहले ही पेपर रद्द कर दिया गया। उम्मीद है कि पंजाब बोर्ड जल्द ही इस मामले पर अधिक विवरण साझा करेगा।
पंजाब बोर्ड परीक्षा टाइम टेबल के अनुसार, पीएसईबी कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से 20 अप्रैल तक दूसरी पाली में आयोजित होने वाली हैं, जो दोपहर बाद दो बजे से है, जबकि कक्षा 10 की परीक्षा 24 मार्च से 20 अप्रैल तक सुबह के सत्र में पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर बाद 1:15 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। प्राप्त जानकारी अनुसार पहले पंजाबी, रासायनिक विज्ञान और समाज शास्त्र के पेपर भी लीक आउट हो चके हैं जिससे बोर्ड परीक्षाओं पर सवालिया निशान लग गया है।
ये भी पढ़ें - CBI के दो वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया वापस, ‘कूलिंग ऑफ’ अवधि तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रोक
