बरेली: मनमाफिक रूट पर ड्यूटी लगाने के मामले में टाइम कीपर निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरएम ने एक ही रूट पर वर्षों से जमे परिचालकों को बदलने के दिए निर्देश

बरेली, अमृत विचार। परिवहन निगम में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले बस के टिकटों की हेराफेरी का मामला सामने आया था। यह सारा खेल चलता है, मनमाफिक रूट पर ड्यूटी के जरिए, अब गड़बड़झाले की परतें खुलने के बाद आला अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को परिचालकों की ड्यूटी लगाने वाले रुहेलखंड डिपो के टाइम कीपर को निलंबित कर दिया गया।

यह भी पढ़ें- बरेली: पिकअप पलटने से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

रुहेलखंड डिपो की बस में बिना टिकट यात्री पकड़े जाने के मामले में शासन स्तर से एआरएम राजेश कुमार को निलंबित किया गया था। मामले में कई बाबू भी शामिल थे। जिसके बाद आरएम दीपक चौधरी ने टाइम कीपर सुरेंद्र भसीन को निलंबित किया है। सुरेंद्र भसीन परिचालकों को मनमाफिक रूट आवंटन कर देता था।

रुहेलखंड डिपो में मनमाफिक रूट पर ड्यूटी लगवाकर टिकटों की बिक्री में हेराफेरी कर निगम को चूना लगाने का मामला पहले ही चल रहा है, लिहाजा, गर्म लोहे पर चोट करते हुए जांच के बाद आरएम ने यह कार्रवाई की है। आरएम ने पूरे रीजन के एआरएम को कड़े निर्देश दिए हैं कि लंबे समय से एक रूट पर चल रहे परिचालकों को चिन्हित किया जाए, इसके बाद इनकी ड्यूटी में परिवर्तन कर अन्य रूट पर ड्यूटी लगाई जाए। आरएम की इस कार्रवाई के बाद परिवहन निगम में हड़कंप मचा हुआ है। पूरे बरेली रीजन ( बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत व बदायूं डिपो में 930 संविदा चालक, 1050 संविदा परिचालक, 237 नियमित चालक, 158 नियमित परिचालक हैं।

साठगांठ से चलता था हेराफेरी का खेल
17 फरवरी को हल्द्वानी डिपो की बस यूपी 81 बीटी 6988 में दो बार बिना टिकट (डब्ल्यूटी) के मामले पकड़े गए थे। मुरादाबाद की टीम ने लालकुआं में चेकिंग के दौरान परिचालक सत्यपाल पर 9 डब्ल्यूटी का मामला पकड़ा था। मामले की सूचना बरेली के परिवहन अधिकारियों को मुरादाबाद से मिली।

आरएम ने रात में फिर से बस की वापसी में भोजीपुरा के पास बस को चेक कराया, फिर से 19 टिकट का खेल पकड़ा गया था। बताया जाता है कि सत्यपाल निलंबित किए गये टाइम कीपर सुरेंद्र भसीन का चहेता था। चेकिंग की जानकारी आपस में साझा की जाती थी, लेकिन बीते दिनों हुई कार्रवाई के बाद सत्यपाल टाइम कीपर के लिए गले की हड्डी बन गया और उसको भी ले डूबा। अब कहा जा रहा है कि एक टीआई पर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।

रीजन के सभी एआरएम को निर्देश दिए गए हैं कि लंबे समय से एक रूट पर चल रहे परिचालकों को चिन्हित करके उन्हें बदला जाए। रुहेलखंड डिपो के टाइम कीपर को जांच के बाद निलंबित किया गया है---दीपक चौधरी, आरएम।

यह भी पढ़ें- बरेली: राम बारात और शब-ए-बारात एक ही दिन, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

संबंधित समाचार