अयोध्या: परिषदीय स्कूलों में मार्च तक होगी टैब लैब की स्थापना, तैयारी शुरू
180 से अधिक छात्रों वाले स्कूलों में बनेंगे टैबलैब, होने चाहिए कम से कम पांच शिक्षक
अयोध्या, अमृत विचार। बेहतर स्कूली शिक्षा व तकनीकी शिक्षा देने के लिए शासन की ओर से परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा सुधार को लेकर लगातार कवायद की जा रही है। अब विद्यालयों के छात्रों को तकनीकी शिक्षा देने के लिए विशेष पहल शुरू की गयी है। जिससे परिषदीय विद्यालय के छात्र तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम दे सकें। इसके लिए शासन की ओर से टैबलैब स्थापित करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
जनपद के 1792 परिषदीय विद्यालयों में मानक अनुरूप विद्यालयों को चिह्नित कर टैबलैब स्थापित की जाएगी। कान्वेंट को मात देने के लिए परिषदीय विद्यालयों में विशेष पहल शुरू की जा रही है। इसके तहत विद्यालयों में टैबलैब स्थापित किया जाएगा। जिसके माध्यम से छात्रों को ज्ञान के क्षेत्र में निपुण किया जाएगा। विद्यालयों में स्थित एक टैबलैब में 50 टैबलेट होंगे। लैब को इंटरनेट की सुविधा से भी लैस किया जाएगा।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार राय ने बताया विद्यालयों के चयन के लिए मानक निर्धारित किए गए हैं। शासन के निर्देश पर परिषदीय विद्यालयों में मानक को पूरा करने वाले विद्यालयों का चयन शुरू हो गया है। इसमें कंपोजिट विद्यालयों का चयन करने के लिए विशेष ध्यान दिया जायेगा।
टैबलैब का होगा यह मानक
इसमें उन विद्यालयों का चयन होगा, जिन परिषदीय विद्यालयों में 180 से अधिक छात्र-छात्राएं नामांकित होंगे। इसके साथ ही विद्यालय में विद्युतीकरण होना अनिवार्य है। कम से कम पांच अध्यापक तैनात हों। प्रयोगशाला संचालन के लिए कुशल मैनेजर तैनात किए जाएंगे। इसकी व्यवस्था नीति आयोग की ओर से फील्ड मैनेजमेंट स्टाफ करेगा। चयनित स्कूलों में जाकर वे शिक्षकों को टैबलेट संचालन व तकनीकी शिक्षा में निपुण करेंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद संबंधित शिक्षक छात्रों को शिक्षा देंगे।
यह भी पढ़ें:-इंडो-नेपाल सीमा पर बहराइच में बनेगा पर्यटन हब, 70 एकड़ जमीन चिन्हित
