Fire In Kanpur : अपना सेल बाजार में लगी भीषण आग, दमकल की कई गाड़ियां बुझाने का कर रही प्रयास

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Fire In Kanpur कानपुर में अपना सेल बाजार में लगी भीषण आग।

Fire In Kanpur कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र स्थित अपना सेल बाजार में भीषण आग लग गई। दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही। हालांकि आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

कानपुर, अमृत विचार। फजलगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत अपना बाजार नाम से ग्रोसरी शॉप है। जिसके मालिक सुरेंद्र अग्रवाल हैं। उन्होंने बताया कि इस बाजार को मॉल की तर्ज पर बनाया है। शनिवार दोपहर करीब ढ़ाई बजे के करीब बेसमेंट में स्थित शॉप में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। मौके पर मौजूद कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन आग ने विकराल रूप कर लिया।

घटना की जानकारी पर फजलगंज फॉयर स्टेशन से दमकल की तीन और किदवई नगर से एक गाड़ी पहुंची और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की जानकारी पर स्वरूपपनगर एसीपी बृजनारायण सिंह और सीएफओ दीपक शर्मा पहुंच गए। शॉप मालिक ने आग की घटना से लाखों का नुकसान बताया है। 
घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने मिनी कंट्रोल रूम पर फजलगंज स्थित सीएनजी पंप में आग लगने की दी। मैसेज वायरलेस पर चलने से पुलिस और दमकल कर्मियों के हांथपांव फूल गए। दमकल कर्मी सीएनजी पंप पर पहुंचे तो उसके सामने आग की जानकारी मिली तब जाकर अधिकारियों ने चैन की सांस ली। वहीं फजलगंज फॉयर स्टेशन प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया दो मंजिला इमारत के बेसमेंट में मॉल संचालित होता था।

वहीं पर लगे बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग लगते ही मौके पर मौजूद संचालक और कर्मचारी बाहर निकल आए थे। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। मॉल में फॉयर एनओसी नहीं थी। मौके पर आग से बचाव के इंतजाम भी नहीं मिले। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग तेजी से धधकी तो आसपास के लोगों ने अपने वाहनों को भी किनारे किया। फजलगंज थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।

सीएफओ के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचते ही तत्काल मोटर फॉयर इंजन से डिलीवरी हौस पाइप द्वारा पंपिंग करके आग बुझाना प्रारंभ किया गया। सभी मोटर फॉयर इंजनों द्वारा कर्मियों की कड़ी मशक्कत से आग को काबू पाया गया।

संबंधित समाचार