Kanpur Dehat: कार ने टैक्सी में मारी टक्कर, छात्रा की मौत, नौ घायल, DM-SP ने जिला अस्पताल पहुंच घायलों का जाना हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में सड़क हादसे में छात्रा की मौत हो गई।

कानपुर देहात के अकबरपुर थाना क्षेत्र के कुंभी गांव के पास कानपुर-इटावा हाईवे पर कार ने टैक्सी में टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कानपुर देहात, अमृत विचार। अकबरपुर थानाक्षेत्र के कुंभी गांव हाईवे पर एक कार ने टैक्सी में टक्कर मार दी। हादसे में १० छात्र घायल हो गये थे। इसमें से एक छात्रा की उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। सभी छात्र दसवीं की परीक्षा देकर डेरापुर तरफ जा रहे थे। सूचना पर डीएम, एसपी, सीएमओ सहित अन्य अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

शनिवार को डेरापुर में संचालित सुभाष क्रांति पथ संस्कृति इंटर कालेज के छात्र-छात्राएं हाईस्कूल सुबह पाली में परीक्षा देने के लिए अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी स्थित नवाब सिंह इंटर कालेज में परीक्षा देने जेएसए से आए थे। परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर में वह टैक्सी चालक कन्हैया के साथ वापस डेरापुर जा रहे थे। तभी गौरियापुर पुल के पास कानपुर-इटावा हाइवे पर औरैया जाने वाली लेन पर पीछे से तेज रफ्तार कार ने जेएसए में जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे जेएसए दो-तीन पलटी खाकर हाइवे पर ही पलट गया और छात्रों में चीख-पुकार मच गई और डेरापुर निवासी मयंक (16), शमां (17), नेहा (16), भूमिका (16), साक्षी (17), कल्याण (16), समन (16) परौंख निवासी सिद्धार्थ (16), जगदीशपुर निवासी अर्पित (16), यहीं की सुप्रिया (16) घायल हो गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अकबरपुर जिला अस्पताल भेजा। जहां शमां पुत्री जाहिर अहमद की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल अन्य छात्र-छात्राओं का इलाज किया गया।

जानकारी पर डीएम नेहा जैन, एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, सीएमओ डाॅ. एके सिंह, एसडीएम सदर भूमिका यादव समेत अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र-छात्राओं का हाल-चाल लिया। वहीं हादसे की जानकारी पर छात्रों के परिजनों में कोहराम मच गया और जिला अस्पताल पहुंचे। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने परिजनों को सांत्वना दी।

जिला अस्पताल में परिजनों का मचा कोहराम

हाईस्कूल परीक्षा देकर वापस लौटते समय हाइवे पर जेएसए सवार छात्रों के घायल होने की जानकारी पर उनके परिजनों में कोहराम मच गया। घायल छात्रों के परिजन समेत मोहल्ले के बड़ी संख्या में लोग जिला अस्पताल पहुंच गए और कोहराम मच गया। परिजन अपने बच्चों की कुशलता की दुआ करते हुए रोने-बिलखने लगे। जिसपर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें समझाया, लेकिन परिजनों के चीत्कार से जिला अस्पताल गूंजता रहा।

परीक्षा देकर डेरापुर जाते समय छात्रों की जेएसए में कार ने हाइवे पर टक्कर मारी है। जिसमे नौ छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। एक छात्रा की मौत हुई है। चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए हैं। कार्रवाई की जा रही है।- नेहा जैन (जिलाधिकारी)


संबंधित समाचार