उफ ये गर्मी : तापमान ने अभी से तोड़ना शुरू किया दशकों का रिकार्ड, धूप में निकलने लगा पसीना
कानपुर में फरवरी में गर्मी ने तोड़ा सालों का रिकॉर्ड।
कानपुर में फरवरी के महीने में ही गर्मी ने सालों का रिकॉर्ड तोड़ा। पहली बार इस महीने में आठ बार पारा 30 के पार पहुंचा। इस साल की फरवरी में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ी।
कानपुर, अमृत विचार। सर्दी के मौसम में फरवरी महीने ने गर्मी का एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। यह नया रिकॉर्ड तापमान-30 के रूप के सामने आया है। पहली बार ऐसा हुआ है जब इस महीने में तापमान ने आठ बार 30 डिग्री सेल्सियस की सीमा पार की हो। इसी के साथ इस साल की फरवरी ने सबसे ज्यादा गर्मी का भी रिकॉर्ड बना लिया। कानपुर के मौसम इतिहास में बीते पचास साल के रिकॉर्ड में इस तरह की गर्मी और इतनी बार पारा तीस के पार नहीं दर्ज किया गया।
इस साल की गर्मी ने पहले सप्ताह से ही रिकॉर्ड तोड़ना शुरू कर दिया था। पहले सप्ताह के अंत में यानी सात फरवरी को पहली बार पारा तीस के पार पहुंचा था। इस महीने का यह पहला रिकॉर्ड था। इससे पहले पचास साल के रिकॉर्ड में इस तिथि में कभी ऐसा तापमान दर्ज नहीं किया गया था। मौसम के तेवर साफ दिख रहे थे। तीन दिन की राहत के बाद दस को फिर सीमा तीस पार पहुंची। फिर नौ दिनों तक राहत मिली। 19 से अब तक एक दिन छोड़ तापमान लगातार तीस का आंकड़ा तोड़ता रहा।
फरवरी के महीना सर्दी के हिस्से आता है। इसमें गर्मी के ये रिकॉर्ड बेहद चौकाने वाले रहे। पिछले साल भी फरवरी के महीने में 19 के बाद तापमान तीस के पार पहुंचा था। मौसम विभाग के अनुसार फरवरी में आठ बार कभी पारा तीस तक नहीं पहुंचा था। 50 साल के मौसम इतिहास में भी इस तरह का रिकॉर्ड दर्ज नहीं देखा गया। अभी 28 फरवरी तक दो बार और पारा तीस के पार रह सकता है। ऐसा होता है तो तो इस साल की फरवरी इतिहास की पहली फरवरी होगी जिसने तीस का ढाई आंकड़ा छुआ होगा। मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि यह महीना पूर्व के वर्षों की फरवरी में सबसे ज्यादा गर्म रहा है।
मार्च के पहले सप्ताह भी दिख सकता है पश्चिमी विक्षोभ का असर
पर्वतीय इलाकों में पहुंचकर पश्चिमी विक्षोभ ने गंगा तटीय इलाकों को जो राहत दी है वह मार्च के पहले सप्ताह में भी शुरुआती कुछ दिन में दिख सकती है। लेकिन यह राहत मामूली होगी। मौसम विभाग की माने तो अगले महीने भी गर्मी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है।
