अयोध्या : कानून-व्यवस्था और होगी मजबूत, पुलिस विभाग को मिले 122 नए दारोगा
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड से 2021-22 के तहत हुआ था चयन
अयोध्या, अमृत विचार। यातायात और अग्निशमन सेवा में उपनिरीक्षक तथा फायरमैन मिलने के बाद अब नागरिक पुलिस को भी नए उपनिरीक्षक मिल गये हैं। रविवार को लखनऊ के इंदिरा गाँधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। नियुक्ति पत्र वितरित होने के बाद परिक्षेत्र को 463 और जनपद को 122 नए उपनिरीक्षक मिले हैं।
गौरतलब है कि पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से 2021-22 में नागरिक पुलिस, प्लाटून कमांडर पीएसी तथा अग्निशमन विभाग में द्वितीय अधिकारी पद पर सीधी भर्ती के तहत नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया था। आवेदन करने अभ्यर्थियों के शारीरिक परीक्षण के बाद आयोजित लिखित परीक्षा के बाद सफल अभ्यर्थियों का चयन प्रशिक्षण के लिए किया गया था। जिसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्र भेज दिया गया था। संबंधित चयनित अभ्यर्थियों का सकुशल प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रदेश सरकार की ओर से रविवार को मिशन रोजगार के तहत समरोह का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश के अन्य जनपदों के अलावा अयोध्या परिक्षेत्र के जनपदों अंबेडकरनगर, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर और बाराबंकी के अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों से लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान पहुंचे सफल अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया तथा प्रधानमंत्री मोदी से वर्चुअली संबोधित किया।
क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि जनपद से भी प्रशिक्षण में सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए लखनऊ बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि जनपद से 122 तथा परिक्षेत्र के कुल 463 को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया है। जिले को नागरिक पुलिस के 122 उपनिरीक्षक मिले हैं।
यह भी पढ़ें : भारत के अमृतकाल की नींव को मजबूत आधार प्रदान करने वाला है बजट : लल्लू
