मुरादाबाद के खादी वस्त्र और रामपुर की जरी जरदोजी को मिल रहा बढ़ावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उत्साह : खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों को किया जा रहा प्रोत्साहित, अमरोहा के माटीकला उत्पाद के प्रति लोगों का आकर्षण

दीनदयाल नगर स्थित युवा केंद्र में खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में लगे स्टाल।

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिला स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन का बेहतर प्लेटफार्म बन रहा है। इसमें मुरादाबाद के खादी वस्त्र, रसोई के उपकरण, मेटल उत्पाद के अलावा रामपुर की जरी जरदोजी को बढ़ावा मिल रहा है। एक जिला एक उत्पाद का आकर्षण प्रदर्शनी में देखने को मिल रहा है। 

जिला स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के माध्यम से स्थानीय कारोबारियों को समृद्ध किया जा रहा है। इन दिनों युवा केंद्र दीनदयाल नगर में चल रहे प्रदर्शनी और खादी महोत्सव में मुरादाबाद के मेटल उत्पाद, अंकुरित दलिया नमकीन एवं प्राकृतिक शहद के साथ अन्य उत्पाद का कारोबार करने वाले छोटे और मध्यम व्यवसाइयों को समृद्ध करने की दिशा में कदम बढ़ा है। साथ ही हाथरस का हींग, बिजनौर का गुड़, माटीकला की मूर्तियां, मेरठ का आचार, रामपुर की जरी जरदोजी उत्पाद एवं अमरोहा के माटीकला उत्पाद को प्रोत्साहित कर खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा आत्मनिर्भर भारत अभियान के संकल्प को मजबूती दी जा रही है। संयुक्त आयुक्त उद्योग योगेश कुमार का कहना है कि खादी महोत्सव का शनिवार को उद्घाटन हो चुका है। 

तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का उद्देश्य स्थानीय कारोबारियों को प्रोत्साहित कर एक जिला एक उत्पाद को बढ़ावा देना है। खादी ग्रामोद्योग विभाग की ओर से इस प्रदर्शनी को भव्य एवं आकर्षित बनाने के लिए सोलर चर्खे पर सूत की कताई, माटीकला के विद्युत चालित चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने का क्रियात्मक प्रदर्शन भी हो रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आकर्षण भी है। इसमें शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर इसका लाभ लेने को प्रोत्साहित किया जा  रहा है।

विभाग में आकर ले सकते हैं अधिक जानकारी
संयुक्त आयुक्त उद्योग का कहना हैं कि छोटे, मध्यम उद्योग लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई योजनाएं संचालित हो रही हैं। इसके बारे में जानकारी कार्यदिवस में कोई भी संबंधित कार्यालयों में आकर ले सकते हैं। प्रदेश और देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय लोगों को पूरा अवसर दिया जा रहा है। इसका लाभ सभी को उठाना चाहिए। 

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : शिक्षकों को बुनियादी साक्षरता में बनाया जाएगा दक्ष, मार्च माह में स्कूलों में यह होंगी गतिविधियां

संबंधित समाचार