मुरादाबाद : रेलवे ने मुख्यालय भेजी नए पुल की डिजाइन, स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा कपूर कंपनी के पुल का निर्माण कार्य 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कपूर कंपनी पुल से पैदल गुजरते राहगीर....मरम्मत कार्य के चलते बंद डबल फाटक पुल

मुरादाबाद, अमृत विचार। रेलवे की ओर से कपूर कंपनी के नए पुल के निर्माण के लिए कवायद तेज कर दी गई है। सबकुछ ठीक रहा तो जल्द ही मौजूदा पुल के बराबर में नये पुल का निर्माण किया जाएगा। रेलवे ने मुख्यालय को नए पुल का डिजाइन स्वीकृति को भेजा है। 

लाइनपार की करीब चार लाख की आबादी को शहर से जोड़ने वाले कपूर कंपनी से मौजूदा समय में सिर्फ पैदल ही लोग आ-जा रहे हैं। दोपहिया वाहनों के आवागमन पर रोक लगा रखी है। जल्द ही रेलवे प्रबंधन कपूर कंपनी के पुराने पुल के बराबर में नए पुल के निर्माण की तैयारी कर रहा है। इसके लिए 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे की टीम ने नये पुल का डिजाइन भी तैयार कर लिया हैं। डिजाइन को स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड को भेज दिया हैं।  रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नया पुल पुराने पुल की भांति ही बनेगा। सिर्फ थोड़े बदलाव नये पुल में किए जाएंगे। नया पुल पुराने पुल के मुकाबले चौड़ा भी होगा। जिससे दोपहिया वाहन व पैदल लोग आराम से पुल को पार कर सकेंगे। रेलवे की टीम द्वारा तैयार किए गए डिजाइन को मुख्यालय से हरी झंडी मिलते ही नए पुल का निर्माण शुरू करा दिया जाएगा। 

कोचिंग वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह का कहना है कि नए बनने वाले कपूर कंपनी पुल की डिजाइन रेल मुख्यालय भेजी जा चुकी है। मुख्यालय से इसकी स्वीकृति होने के उपरांत आगे की कार्रवाई की जायेगी, जिससे अति शीघ्र जनता की परेशानी को दूर किया जा सके।

डबल फाटक पुल पर 80 प्रतिशत कार्य पूरा
मुरादाबाद। सम्भल फाटक पुल पर निर्माण कार्य के चलते लोगों को आवगमन में काफी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मरम्मत का कार्य मार्च के मध्य तक पूरा होने का दावा कर रहे हैं। शहर को करूला, चंदौसी, बिलारी, कुंदरकी व सम्भल से जोड़ने वाला सम्भल फाटक पुल 22 जनवरी से मरम्मत कार्य के लिए बंद है। लोक निर्माण विभाग ने मरम्मत कार्य छह अप्रैल तक पूरा करने के लिए का समय लिया है। वहीं, लोगों की परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने लोनिवि को जल्द मरम्मत का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया है। पुल पर मरम्मत कार्य करा रहे इंजीनियर इसरार अहमद ने बताया कि पुल के ऊपर का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। बाकी बचा कार्य हम एक मार्च तक पूरा कर देंगे। सिर्फ नीचे का काम बाकी रह जाएगा। वहीं, दूसरी ओर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील सागर ने बताया कि पुल पर मरम्मत का कार्य 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। उनका कहना है कि पुल के ऊपर का काम 12 मार्च तक  पूरा कर लिया जाएगा। जिसके बाद पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। बताया कि पुल मरम्मत में कई तकनीकी कार्य अभी रह गए हैं। कार्य कर रही टीम को इसे जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद के खादी वस्त्र और रामपुर की जरी जरदोजी को मिल रहा बढ़ावा

 

संबंधित समाचार