काशीपुर: पटियाला में महिला-पुरुष की टीम ने स्वर्ण समेत 32 पदक झटके

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। ऑल इंडिया अंतर साई पुरुष वर्ग एथलेटिक्स चैंपियनशिप में साई काशीपुर के धावकों ने स्वर्ण पदक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस दौरान महिला-पुरुष की टीम ने स्वर्ण समेत 32 पदक झटके हैं।

23-24 फरवरी को एनआईएस पटियाला में ऑल इंडिया अंतर साई पुरुष वर्ग की एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इसमें साई काशीपुर 11 धावकों ने प्रतिभाग किया। शानदार प्रदर्शन करने पर पुरुष वर्ग में अजय पटेल, साहिल ने दो-दो स्वर्ण, सोहेल, रजत, प्रभू, प्रियांशु, धर्मेन्द्र एक-एक स्वर्ण, अंकित ने 2 रजत, गौरव पटेल, ललित, धर्मेन्द्र ने एक-एक रजत और नितिन ने कांस्य पदक हासिल किए।

इससे पूर्व महिला वर्ग में मोनिका ने स्वर्ण, कृतिका, शिवानी ने रजत और नेहा ने कांस्य पदक जीते हैं। कोच सीएस नेगी ने बताया कि काशीपुर साई पुरुष धावकों ने 9 स्वर्ण, 6 रजत, 10 कांस्य पदक जीत कर चैंपियनशिप अपने नाम दर्ज की। इससे पूर्व 20-21 फरवरी को महिला वर्ग की एथलेटिक्स चैंपियनशिप में काशीपुर साई की बालिका धावकों ने 1 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य पदक जीते थे।

टीम ने कुल 10 स्वर्ण, 8 रजत, 14 कांस्य पदक हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित वर्ष 2008 से अब तक साई के खिलाड़ियों ने 2 अंतरराष्ट्रीय और 28 राष्ट्रीय पदक हासिल कर संस्थान और क्षेत्र का मान बढ़ाया चुके हैं।

 

संबंधित समाचार