अयोध्या: इंदिरा मत्स्य विहार नहीं अब संध्या सरोवर कहिए जनाब    

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नमामि गंगे प्रोजेक्ट के डायरेक्टर ने किया निरीक्षण

अमृत विचार, अयोध्या। शहर के पॉश इलाके सिविल लाइन में स्थित वर्षों पुराने इंदिरा मत्स्य विहार  तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य अब आखिरी चरण में हैं। इसी के साथ ही अब तालाब का नाम बदलकर "संध्या सरोवर" कर दिया गया है। आज से दो वर्ष पहले तक जिस जगह पर लोग जाने से भी कतराते रहे होंगे। अब वहां का नजारा ही बदल गया है। तालाब के पानी के ट्रीटमेंट के बाद आस-पास की दीवारों पर सुंदर चित्र उकेरे गए हैं। साथ ही यहां पर बने पार्क में कैंटीन व तालाब में नौका विहार की सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं। नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत हुए सौंदर्यीकरण का जायजा लेने के लिए मंगलवार को प्रोजेक्ट के डायरेक्टर अशोक कुमार संध्या सरोवर पहुंचे।
        
नमामि गंगे प्रोजेक्ट के डायरेक्टर अशोक कुमार ने पार्क में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि एक जमाना था जब लोग कुओं और तालाब के पास रहकर अपनी जिंदगी गुजार दिया करते थे, लेकिन आधुनिकता में इनका ख्याल नहीं रखा गया। अयोध्या के पांच कुंडों व अन्य कार्यों के सौंदर्यीकरण के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण नमामि गंगे के पास आया था। 9 करोड़ रुपये सेंक्शन हुए थे। लगभग हर जगह का कार्य पूरा हो चुका है। संध्या सरोवर का भी सौंदर्यीकरण किया गया है। यहां पर बैठने तक की व्यवस्था नहीं थी, लेकिन अब का नजारा बिल्कुल बदला हुआ है। उन्होंने बताया कि संध्या सरोवर की दीवारों पर वन्य जीवों की आकृतियों को उकेरा गया है। इस दौरान प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विशाल सिंह, सचिव सत्येंद्र सिंह व अन्य मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: शोध को लेकर विश्विद्यालय और सीएसआईआर-आईआईटीआर के बीच एमओयू 

संबंधित समाचार