बरेली: स्कूल में शराब पीने वाले दो शिक्षक निलंबित, जांच में पुष्टि के बाद बीएसए ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रोज बच्चों की मौजूदगी में पीते थे शराब, स्कूल में चौपट मिला पढ़ाई का स्तर

बरेली/सिरौली, अमृत विचार। व्योधन खुर्द के मॉडल स्कूल में रोज बच्चों को पढ़ाने के बजाय शराब पीने के मामले में बुधवार को बीएसए ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया। इनमें एक चेतन प्रकाश इंचार्ज हेडमास्टर है और दूसरा मुकेश कुमार सहायक अध्यापक। सोमवार को गांव के लोगों ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ा था। अमृत विचार में खबर प्रकाशित होने के बाद बीएसए ने जांच का आदेश दिया था। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद बुधवार को दोनों पर कर्मचारी आचरण नियमावली के तहत कार्रवाई की गई। दोनों शिक्षकों के महंगाई, जीवन निर्वाह समेत सभी भत्तों पर भी रोक लगा दी गई है।

मॉडल स्कूल को शराबघर बनाने वाले दोनों शिक्षकों के खिलाफ बच्चों ने ही अपने अभिभावकों से शिकायत की थी। बताया था कि शिक्षक रोज इंटरवल के समय कार्यालय में बैठकर शराब पीते हैं और सिगरेट का धुआं उड़ाते हैं। इस वजह से स्कूल में पढ़ाई भी नहीं होती। इसके बाद सोमवार को कई अभिभावक स्कूल पहुंचे तो बच्चों की शिकायत की पुष्टि हो गई। कार्यालय में शिक्षक शराब पीते मिले। मेज पर सिगरेट-नमकीन के पैकेट के साथ शराब की बोतल का ढक्कन जैसा सामान रखा मिला। गांव वालों ने इसका वीडियो भी बनाया था।

अमृत विचार में खबर प्रकाशित होने के बाद बीएसए ने रामनगर के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच का आदेश दिया था। उनकी जांच में आरोपों की पुष्टि हो गई। बीएसए को भेजी गई जांच रिपोर्ट के मुताबिक स्कूल में आने के बाद दोनों शिक्षक सिर्फ शराब पीने में मशगूल रहते थे। इसका दुष्प्रभाव बच्चों पर भी पड़ रहा था। दोनों स्कूल का कामकाज भी पूरा नही करते थे। शराबी शिक्षकों की बेपरवाही इस कदर थी कि शैक्षिक सत्र का अंत नजदीक होने के बावजूद अब तक बच्चों का 50 फीसद पाठ्यक्रम भी पूरा नहीं हुआ है। शिक्षक डायरी और कई दूसरे जरूरी अभिलेख भी अधूरे पाए गए।

हो सकते हैं बर्खास्त, बीएसए ने विस्तृत जांच के लिए किया कमेटी का गठन
स्कूल में बच्चों के सामने खुलेआम शराब पीने वाले शिक्षकों को फिलहाल निलंबित किया गया है लेकिन आगे और भी ज्यादा कड़ी कार्रवाई होना तय माना जा रहा है। दोनों शिक्षकों को बर्खास्त भी किए जाने की संभावना है। बीएसए विनय कुमार ने बताया कि शिक्षा के पवित्र क्षेत्र में इस तरह निम्नस्तरीय आचरण किसी भी दशा में बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। इस घटना की विस्तृत और सघन जांच के लिए एक और टीम का गठन किया जा रहा है। दोनों शिक्षकों के विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- बरेली: पूर्णागिरी मां के दर्शन को रेलवे चलाएगा मेला स्पेशल ट्रेन

संबंधित समाचार