होली इफेक्ट: ट्रेनों में 15 मार्च तक नहीं है कन्फर्म सीट, बाहर रह रहे लोगों के लिए लखनऊ तक पहुंचना भी मुश्किल, फ्लाइट की टिकटें महंगी
अयोध्या, अमृत विचार। फेस्टिवल सीजन आते ही ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। अयोध्या से होकर दिल्ली, हरियाणा व पंजाब जाने वाली ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं बची है। वेटिंग 250-300 के पार चल रही है। दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से अयोध्या आने वाली ट्रेनों में होली के कारण भीड़ अधिक बढ़ गई है। हर किसी की निगाहें तत्काल टिकट पर है। कुछ तो शाम से ही स्टेशन पर डेरा डाल लेते हैं, ताकि वे सुबह तत्काल टिकट प्राप्त कर सकें। त्योहार के कारण 15 मार्च तक ट्रेनों में कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो गया है।
अयोध्या कैंट व अयोध्या रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन दस हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। दूसरे राज्यों में नौकरी पेशा करने वाले लोग ट्रेनों में सीटें फुल हो जाने से परेशान हैं। इसके लिए अब वह तत्काल टिकट लेने की फेर में हैं। अयोध्या निवासी नवनीत महाराष्ट्र के कल्याण में सरकारी नौकरी करते हैं, लेकिन ट्रेन में वेटिंग होने के कारण उन्हें होली पर घर पहुंचने में परेशानी हो रही है।
उनका कहना है कि ट्रेनें फुल हो चुकी हैं। अब एक मात्र सहारा फ्लाइट ही है, लेकिन त्योहार पड़ने व भीड़ बढ़ जाने के कारण उसमें भी एक-एक सीट का लखनऊ तक का किराया आठ हजार रुपये तक पहुंच गया है। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के किलौनी निवासी राजेश लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने बताया किसान और सरयू यमुना समेत कई ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। अब छुट्टी कन्फर्म हुई है तो ट्रेन में सीट नहीं है।
आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर तत्काल टिकट बनाने का प्रयास कर रहा हूं, लेकिन टिकट बनाते समय वेबसाइट ठप हो जा रही है। फैजाबाद-दिल्ली, कैफियात एक्सपे्रस, मालदा टाउन-दिल्ली, पटना-कोटा, टाटा-अमृतसर सुपरफास्ट, मुंबई-अयोध्या कैंट, फरक्का और साबरमती एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंग 250 के पार चल रही है। किसी भी ट्रेन में 15 मार्च तक टिकट बुक कराना मुश्किल है।
चलाई गई हैं स्पेशल ट्रेनें
उत्तर रेलवे के सहायक जनसंपर्क अधिकारी विक्रम शंभु सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं के लिए होली पर कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। हमारा प्रयास रहता है कि यात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
आज से 12 मार्च तक रोडवेज की बसों में लगेंगे अतिरिक्त फेरे
होली में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए परिवहन निगम ने कमर कस ली है। अयोध्या में यात्रियों की सुविधाओं के लिए 3 से 12 मार्च तक बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अयोध्या परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि होली पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रोडवेज की बसें तैयार हैं। अयोध्या से दिल्ली के लिए बसों की कमी नहीं होने दी जाएगी। इसके अलावा कानपुर, लखनऊ, आजमगढ़, गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, रायबरेली समेत अन्य रूटों पर चल रहीं बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
निजी बस चालक कूट रहे चांदी
त्योहारी सीजन आते ही निजी बस चालकों ने खुलेआम लूट शुरू कर दी है। गोरखपुर से अयोध्या होकर दिल्ली, हरियाणा व पंजाब जाने वाली निजी बसों में भीड़ बढ़ते ही चालकों ने चांदी कूटनी शुरू कर दी है। सीट की मारामारी को देखते हुए डेढ़ गुना किराया वसूल रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: बैनामा करने के नाम पर 5.20 लाख रुपए वसूले, लेकिन जमीन बेच दी दूसरे को
