UP: रोडवेज के चालकों, परिचालकों को मिला होली का उपहार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने राज्य सड़क परिवहन निगम चालकों, परिचालकों समेत कर्मियों को होली की सौगात दी है। उत्कृष्ट और उत्तम योजना के तहत अतिरिक्त मानदेय दिया जायेगा। रोडवेज 3 मार्च से 12 मार्च तक बसों का विशेष संचालन किया जाएगा। इस दौरान चालक, परिचालक 10 दिन में 3 हजार किमी. बस चलाने पर 400 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अतिरिक्त मानदेय दिया जाएगा। यूपी रोडवेज ने होली से पहले ही बसों की फिटनेस करा पूरी तैयारी कर ली है।

रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र के आरएम मनोज पुंडीर ने बताया कि रंगों के त्योहार होली के मद्देनजर यूपी रोडवेज की ओर से 3 मार्च से 12 मार्च तक बसों का विशेष संचालन किया जायेगा। होली के त्योहार पर यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके लिए बसों की रंगाई पुताई के साथ ही धुलाई, साफ-सफाई, सीटों को दुरुस्त करा दिया गया है। बसों की फिटनेस भी कराई है।

रोडवेज के चालकों परिचालकों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
यूपी रोडवेज के विशेष संचालन के दौरान ड्राइवरों कंडक्टरों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 3 मार्च से 12 मार्च की अवधि में चालक- परिचालक द्वारा 10 दिन में 3 हजार किमी बस चलाने पर 400 रुपये प्रतिदिन और 9 दिन में 2700 किमी बस चलाने पर 350 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से अतिरिक्त मानदेय मिलेगा। इससे अधिक किमी चलाने पर 55 पैसे प्रति किमी का भुगतान और दिया जाएगा।

इसमें 10 दिन कार्य करने पर 1200 रुपये और 9 दिन कार्य करने पर 1000 रुपये और आईटीआई संविदा कर्मियों को 600 रुपये और 500 रुपये दिए जाएंगे। रोडवेज प्रशासन ने चालक- परिचालकों के लिए उत्कृष्ट और उत्तम प्रोत्साहन राशि में 1000 रुपये की वृद्धि कर दी है। नई पारिश्रमिक दर लागू कर दी गई है। उत्कृष्ट योजना में अब 18660 रुपये मिलेंगे। इससे पहले 17660 रुपये मिलते थे। उत्तम योजना में ये राशि 15660 रुपये हो गई है। इससे पहले 14600 रुपये दिए जा रहे थे।

यह भी पढ़ें:-बहराइच: ग्राम पंचायत के उप चुनाव में मतदाताओं ने किया मतदान, 77.58 प्रतिशत हुई वोटिंग

संबंधित समाचार