पांच सदस्यीय दल करेगा कोझिकोड विमान हादसे की जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने केरल के कोझिकोड में पिछले सप्ताह हुए विमान हादसे की जांच के लिए पांच सदस्यीय दल का गठन किया है। बोइंग 737 एनजी विमानों के डेजिग्नेटेड इग्जामिनर रह चुके कैप्टन एस.एस. चाहर को अन्वेषण का प्रभारी बनाया गया है। विमान ऑपरेशन के विशेषज्ञ वेद प्रकाश, वरिष्ठ विमान …

नई दिल्ली। विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने केरल के कोझिकोड में पिछले सप्ताह हुए विमान हादसे की जांच के लिए पांच सदस्यीय दल का गठन किया है। बोइंग 737 एनजी विमानों के डेजिग्नेटेड इग्जामिनर रह चुके कैप्टन एस.एस. चाहर को अन्वेषण का प्रभारी बनाया गया है।

विमान ऑपरेशन के विशेषज्ञ वेद प्रकाश, वरिष्ठ विमान रखरखाव अभियंता मुकुल भारद्वाज, विमानन औषधि विशेषज्ञ वायुसेना के ग्रुप कैप्टन (डॉक्टर) वाई. एस. दहिया और एएआईबी के उपनिदेशक जगबीर सिंह लर्हगा जांच दल के अन्य सदस्य होंगे तथा श्री वेद प्रकाश की मदद करेंगे।

एएआईबी के महानिदेशक अरविंदो हांडा द्वारा आज जारी आदेश में कहा गया है कि जांच दल यह पता लगाने की कोशिश करेगा कि सात अगस्त की रात कोझिकोड हवाई अड्डे पर उतरते समय एयर इंडिया एक्सप्रेस का बोइंग 737-800 विमान किन परिस्थितियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यथासंभव पांच महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए आदेश में कहा गया है।

दुर्घटना के समय चालक दल के छह सदस्यों सहित 190 लोग विमान में सवार थे। इनमें 10 शिशु भी थे। वंदे भारत मिशन के तहत दुबई से भारतीय नागरिकों को लेकर विमान कोझिकोड आया था। खराब मौसम के बीच उतरते समय विमान रनवे पार कर 35 मीटर गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में दोनों पायलट सहित 18 लोगों की मौत हो गई थी। इनके अलावा 168 लोग घायल हुए थे जिनमें 92 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

संबंधित समाचार