बरेली: 16 अगस्त से राशन का वितरण नहीं करेंगे कोटेदार
बरेली,अमृत विचार। गल्ले का किराया नहीं मिलने से नाराज कोटेदारों ने 16 अगस्त से राशन वितरण करने से इंकार कर दिया है। कोटेदारों ने डीएसओ पर मनमानी करने और गोदाम प्रभारी पर घटतौली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से खाद्य आयुक्त को ज्ञापन भेजा है। सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के जिलाध्यक्ष हरी सिंह …
बरेली,अमृत विचार। गल्ले का किराया नहीं मिलने से नाराज कोटेदारों ने 16 अगस्त से राशन वितरण करने से इंकार कर दिया है। कोटेदारों ने डीएसओ पर मनमानी करने और गोदाम प्रभारी पर घटतौली का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से खाद्य आयुक्त को ज्ञापन भेजा है।
सस्ता गल्ला विक्रेता परिषद के जिलाध्यक्ष हरी सिंह ने बताया कि 21 जुलाई को जिला पूर्ति अधिकारी एवं 23 जुलाई को कोटेदारों की समस्या के निस्तारण के लिए जिला अधिकारी को ज्ञापन दिया था। इसमें उनका कहना था कि उन्हें गोदाम से दुकान तक राशन पहुंचाने का किराया भी नहीं दिया जाता है। कट्टों में गेहूं और चावल कम भी निकलता है। कोटेदारों ने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया जाता तो अगस्त माह में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत वितरित होने वाले राशन का कोई भी कोटेदार उठान नहीं करेगा एवं संपूर्ण वितरण बंद कर देंगे।
कोटेदारों ने डीएसओ पर आरोप लगाते हुए कहा है कि जब वह उन्हें ज्ञापन देने पहुंचे तो उन्होंने कहा कि ज्यादा पत्राचार करोगे तो दुकानें चेक करवाने के बाद मुकदमा दर्ज कर जेल जाना होगा। डीएसओ की बात से नाराज कोटेदारों ने गुरुवार को फिर से जिलाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त खाद्य एवं रसद विभाग, जिला प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा है कि अगर उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो वे 16 अगस्त से संपूर्ण हड़ताल करेंगे। क्रमिक अनशन पर बैठेंगे। ज्ञापन देने वालों में नरेश कुमार, संजय कुमार, बृजेश प्रताप सिंह सिंह आदि प्रमुख रहे।
