हल्द्वानी: ठेकेदार ने लिखित अनुमति में की छेड़छाड़, एफआईआर के आदेश
हल्द्वानी, अमृत विचार। ठेकेदार ने नहर कवरिंग के लिए नो एंट्री जोन में वाहनों की आवाजाही के लिए सिटी मजिस्ट्रेट से मिली अनुमति से छेड़छाड़ की। अनुमति पत्र में वाहनों की संख्या में फेरबदल किया गया। मामला सामने आने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सिंचाई विभाग नगर निगम के समीप नहर कवरिंग हो रही है। सिंचाई ईई केएस बिष्ट ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह को बताया कि ठेकेदार घनश्याम तिवारी को नो एंट्री में वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहनों के चालान कटते हैं ऐसे में ठेकेदार रात को ही वाहन लाता है।
ऐसे में नहर कवरिंग का कार्य प्रभावित हो रहा है। ईई के अनुरोध पर सिटी मजिस्ट्रेट ने ठेकेदार तिवारी के 15 वाहनों को नो एंट्री में आवाजाही की अनुमति दी थी। इधर, ठेकेदार ने सिटी मजिस्ट्रेट से मिली अनुमति को स्कैन कर उसमें 15 से अधिक वाहनों के नंबर लिख दिए। फिर धड़ल्ले से नो एंट्री जोन में वाहन घुमाए और मोहल्लों-कॉलोनियों से मलबा, ईंट, रेता बजरी का लदान ढुलान शुरू कर दिया है।
वाहनों पर सिटी मजिस्ट्रेट की लिखित अनुमति होती थी तो पुलिस भी वाहन के खिलाफ कार्रवाई नहीं करती थी। इधर सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह से किसी ने इसकी शिकायत की। इस पर उन्होंने सिंचाई ईई को जांच के निर्देश दिए। जांच में पुष्टि हुई कि ठेकेदार तिवारी ने सिटी मजिस्ट्रेट की ओर से दी गई अनुमति में कूटरचना कर वाहनों के नंबरों में हेर फेर की गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने सिंचाई विभाग से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
ठेकेदार घनश्याम तिवारी के 15 वाहनों को नो एंट्री में आवाजाही की अनुमति दी थी ताकि नहर कवरिंग प्रभावित नहीं हो लेकिन उसने कूट रचना की। सिंचाई विभाग को तत्काल ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। यदि सिंचाई विभाग कार्रवाई नहीं करता है तो ईई के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
- ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी
