मुरादाबाद : होली से पहले शुरू होगा संभल फाटक पुल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी तेजी से करा रहे मरम्मत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल फाटक पुल पर काम करते मजदूर।

मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर को करूला इलाके से जोड़ने वाला संभल फाटक पुल होली से पहले खोलने की तैयारी चल रही है। लोक निर्माण विभाग ने पुल पर अपना 90 प्रतिश् कार्य पूरा कर लिया है। अब तीन बाद रेलवे को अपना काम शुरू करना है। जिसके बाद पुल को खोल दिया जाएगा।

22 जनवरी को बंद किए गए संभल फाटक पुल पर लोक निर्माण विभाग मरम्मत करा रहा है। इस दौरान सबसे ज्यादा परेशानी पैदल आने-जाने वालों को होती है। लोगों की परेशानी देखते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने काम को तेजी से कराने के आदेश दिए हैं। जिसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदारों को प्रतिदिन दो गुना काम करने के निर्देश दिए।

मौजूदा समय में लोक निर्माण विभाग द्वारा पुल पर 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। लोनिवि के अधिकारियों का प्रयास है कि ऊपर का कार्य पूरा करके संभल फाटक पुल को खोल दिया जाएगा। जिसके बाद नीचे का कार्य पूरा किया जाएगा। पुल की मरम्मत को लेकर रेलवे के अधिकारी द्वारा बैठक कर तकनीकी बिंदुओं पर चर्चा की गई है। जिसके बाद रेलवे द्वारा पुल से नीचे उतरने वाली सीढ़ियां और अन्य कार्य कराए जाएंगे। 

संभल फाटक पुल पर लोक निर्माण विभाग की ओर से लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। ऊपर का कार्य हमने जल्द करा दिया है। नीचे का काम अभी बाकी है। रेलवे समेत अन्य विभागों का काम अभी बाकी है।  प्रयास किया जा रहा है कि पुल को होली से पहले आवाजाही के लिए खोल दिया जाए। -सुनील सागर, अधिशासी अभियंता, लोनिवि

स्वीकृति मिलते ही होगी नये पुल निर्माण की शुरूआत
मुरादाबाद। रेलवे प्रशासन द्वारा पुराने कपूर कंपनी पुल के बराबर में नया पुल बनाने की तैयारियों पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यालय से डिजाइन पर स्वीकृति मिलते ही नया पुल का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।  लाइनपार के लोगों के लिए अच्छी खबर है कि जल्द ही रेलवे प्रशासन कपूर कंपनी पर बने पुराने पुल के बराबर में नए पुल का निर्माण करेगा। नये पुल के निर्माण में 14 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पिछले दिनों रेलवे की टीम ने नये पुल का डिजाइन तैयार कराकर रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि नये पुल का डिजाइन पुराने पुल की तरह ही बनाया गया है। पुल का डिजाइन बनाकर रेल मुख्यालय भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : कहीं से भी बेच-खरीद सकेंगे प्राधिकरण की संपत्तियां

 

संबंधित समाचार