बरेली: सीवर लाइन में ठेकेदार ने डाल दीं टाइल्स, ढाई लाख का लगा जुर्माना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर में स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसमें काम करने वाले कुछ ठेकेदार लापरवाही बरत रहे हैं, जिम्मेदारी से काम नहीं कर रहे हैं। एक ठेकेदार ने सीवर लाइन में टाइल्स डाल दीं। सीवर चोक होने पर सुपर सकर मशीन से सफाई कराई गई तो पता चला। मामले में ठेकेदार पर ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

स्मार्ट सिटी के तहत चौपुला चौराहा से इस्लामिया कॉलेज तक रोड चौड़ीकरण का काम किया गया। इस काम में ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए मौके पर नहीं रहकर पूरा काम मजदूरों के जिम्मे छोड़ दिया। चौड़ीकरण में फुटपाथ पर लगी टाइल्स को सुरक्षित रखने या लगाने के बजाय उसे सीवर लाइन में डाल दिया गया। सीवर चोक होने पर लोगों को दिक्कतें हुईं। घरों में शौचालय जाम होने लगे। नगर निगम में शिकायत की गई तो वहां से समस्या का समाधान कर दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही समस्या लोगों के सामने आई तो शिकायत दर्ज कराई गई। इस बार निगम ने सुपर सकर मशीन से सीवर की सफाई कराई तो पाइप में टाइल्स निकलनी शुरू हुईं। पहले एक फिर दो इस तरह 50 से ज्यादा टाइल्स सीवर लाइन से निकाली गईं। इसके बाद सीवर लाइन साफ हो सकी। स्मार्ट सिटी के अफसरों ने ठेकेदार पर लापरवाही बरतने पर ढाई लाख का जुर्माना लगाया है।

ये भी पढे़ं- बरेली: होली में भी साधारण रोडवेज बसों में आरक्षण कम

 

संबंधित समाचार