बरेली: शहर की सड़कें जाम से बेहाल, खरीददारी करने कैसे जाएं लोग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। होली त्योहार के मद्देनजर अभी तक बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोगों के लिए जाम से निजात दिलाने को ट्रैफिक पुलिस ने कार्ययोजना नहीं बनाई है। इससे लोग जाम में फंसने से परेशान हो रहे हैं। बाजार के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाम की स्थिति बिगड़ती जा रही है। शहर के अंदर सड़कों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन बड़ी संख्या में खड़े होने से दबाव और बढ़ गया है। किला पुल का निर्माण शुरू होने के बाद से पुल के नीचे से निकलना मुश्किल है। रविवार को दिनभर यहां पर लोग जाम में फंसे रहे। ऐसी स्थिति थी कि लोग एक दूसरे से चिपक गए। इससे कोई भी काफी देर तक निकल नहीं सका। किसी तरह गाड़ियां आगे-पीछे होने पर लोग निकले।

इसी तरह शहर की पंजाबी मार्केट, इस्लामिया मार्केट रोड और कुतुबखाना चौराहे पर जाम की स्थिति रही। होली नजदीक आने को लेकर बाजार में भी भीड़ बढ़ गई है। कपड़े, पिचकारी समेत अन्य जरूरी चीजें खरीदने के लिए लोगों की दिनभर बाजार में भीड़ रहती है। जो लोग कार और दोपहिया वाहन लेकर पहुंचते हैं, उनको दिक्कतें ज्यादा झेलनी पड़ती हैं। कुतुबखाना घंटाघर के पास महज एक ही कार पार्किंग है। दोपहिया वाहनों के लिए छोटी पार्किंग है। इस कारण बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इस वजह से जाम की स्थिति बिगड़ रही है।

शहर भर में हर चौक-चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। शहर में जाम न लगे, इसके लिए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कराया जा रहा है। साथ ही नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों का चालान भी किया गया है।-राममोहन सिंह, ट्रैफिक एसपी

ट्रैफिक पुलिस ने काटा सैकड़ों वाहन चालकों का चालान
शहर में यातायात पुलिस अब चालान काटने पर जोर दे रही है। रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने शहर भर में सैकड़ों वाहन चालकों का चालान काटा। इस दौरान कई जगह पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। यह अलग बात है कि ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने के बजाय चालान काटने में मस्त रही।

ये भी पढे़ं- जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर रैंकिंग जारी, बरेली रेंज ने प्रथम स्थान किया हासिल

 

 

 

संबंधित समाचार