German Open : लक्ष्य सेन करेंगे जर्मन ओपन में भारतीय चुनौती की अगुवाई, किदाम्बी श्रीकांत हटे 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में फिजियो मैथ्यूज की मदद लेंगे लक्ष्य सेन 

मूलहेम। विश्व रैंकिंग के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने मंगलवार से यहां शुरू हो रहे जर्मन ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया जिससे पिछले साल के उपविजेता लक्ष्य सेन भारतीय चुनौती की अगुवाई करेंगे। सेन के साथ हाल ही राष्ट्रीय चैम्पियन बने मिथुन मंजूनाथ से टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सेन ने पिछले सत्र के सेमीफाइनल में विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन को हराया था लेकिन वह फाइनल में हार कर खिताब से चूक गये थे। इस 21 साल के खिलाड़ी को इस टूर्नामेंट में छठी वरीयता दी गयी है। वह अपने अभियान का आगाज फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव के खिलाफ करेंगे जबकि शुरुआती चुनौतियों से पार पाने के बाद वह क्वार्टर फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त मलेशिया के ली जी जिया से भिड़ सकते हैं।

 सेन ने कहा,  मैं क्वार्टर फाइनल में ली जी जिया का सामना कर सकता हूं, इसलिए इसका इंतजार कर रहा हूं। मैंने लय हासिल करने के लिए काफी मेहनत की है। ऐसे में 'ऑल इंग्लैंड' से पहले अच्छी फॉर्म हासिल करने की उम्मीद है। अपने पहले राष्ट्रीय खिताब के बाद आत्मविश्वास से लबरेज मंजूनाथ को हालांकि शुरुआती दौर में पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू की चुनौती से निपटना होगा। साइना नेहवाल और मालविका बंसोड़ भी महिला एकल ड्रॉ में हैं, जबकि अश्विनी पोनप्पा और बी सुमित रेड्डी की मिश्रित युगल जोड़ी भी यहां चुनौती पेश करने के लिए तैयार है। 

ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में फिजियो मैथ्यूज की मदद लेंगे लक्ष्य सेन 
राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता लक्ष्य सेन ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप सहित यूरोपीय सर्किट में होने वाली बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के दौरान फिट रहने के लिए मशहूर फिजियोथेरेपिस्ट हीथ मैथ्यूज की सेवाएं लेंगे। बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे सेन लगातार तीन प्रतियोगिताओं – जर्मन ओपन (सात से 12 मार्च), ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप (14-19 मार्च) और स्विस ओपन (21-26 मार्च) में हिस्सा लेंगे। सेन ने कहा, बैडमिंटन एशिया मिश्रित टीम चैंपियनशिप के बाद सत्र पूर्व अभ्यास के लिए हीथ मैथ्यूज दो सप्ताह के लिए बेंगलुरु में थे। उन्होंने सुनिश्चित किया कि मेरी ‘रिकवरी’ बेहतर हो। यह 10 दिन का अभ्यास सत्र था और मैंने कड़ी मेहनत की और उन्होंने सुनिश्चित किया कि मैं पूरी तरह से फिट रहूं।

उन्होंने कहा, मैं दिन में छह घंटे खेल रहा हूं तथा दो से तीन घंटे फिटनेस को दे रहा हूं ताकि इतनी बड़ी प्रतियोगिता से पहले किसी तरह का कोई मसला नहीं रहे। मैं इन प्रतियोगिताओं के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ फिटनेस में रहना चाहता हूं। मैंने कहा, वह (मैथ्यूज) ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप और स्विस ओपन में मेरे साथ रहेंगे ताकि मैं शारीरिक रूप से अच्छी स्थिति में रहूं। इसलिए मेरी तैयारियां कुल मिलाकर अच्छी तरह से चल रही हैं और मैं अपने स्तर को हासिल करने के करीब हूं। सेन ने इससे पहले पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों से पूर्व मैथ्यूज की सेवाएं ली थी जब उन्होंने कंधे की चोट से उबरने के बाद वापसी की थी। 

ये भी पढ़ें :  IND vs AUS : वनडे सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका, Jhye Richardson भारत दौरे से बाहर, एलिस टीम में शामिल 

 

संबंधित समाचार