बरेली: 2800 घर टूटने की सोशल मीडिया पर फैलाई अफवाह, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बीडीए चंदपुर बिचपुरी में 2800 घरों को तोड़ देगा। जब लोगों ने ट्वीटर पर यह खबर देखी तो उनके होश उड़ गए। किसी ने बीडीए के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इस पर बीडीए के सहायक अभियंता रजत सिंह ने अफवाह फैलाने वाले के खिलाफ थाना बिथरी चैनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

बीडीए के सहायक अभियंता रजत सिंह ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि अमन भारती-12 नाम से एक व्यक्ति ने ट्वीटर अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट के माध्यम से आरोपी लोगों के बीच गलत व भ्रामक सूचनाएं फैला रहा है।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने बरेली विकास प्राधिकरण के खिलाफ असत्य सूचनाएं फैलाई हैं। सहायक अभियंता के अनुसार आरोपी ने ट्वीट किया था कि चंदपुर बिचपुरी में बरेली स्मार्ट सिटी की आड़ में दलितों को बेघर किया गया है। साथ ही आरोपी ने 2800 और घरों को तोड़ने की बात लिखी है।

सहायक अभियंता ने बताया कि बीडीए की ओर से किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है। सहायक अभियंता ने बताया कि आरोपी लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहा है। इससे बरेली विकास प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों को खतरा बन गया है। रोहित सिंह की शिकायत पर बिथरी चैनपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

यह भी पढ़ें- बरेली: पुस्तक मेले में प्रोफेसर मीना यादव की पांच पुस्तकों का लोकार्पण

संबंधित समाचार