काशीपुर: अधिवक्ताओं ने दिया तीन दिन का अल्टीमेटम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मांगों को लेकर अधिवक्ता 20वें दिन भी धरना प्रदर्शन पर डटे रहे। इस दौरान तीन दिन में मांगे पूरी नहीं होने पर आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी है।

गुरुवार को तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने 20वें दिन भी धरना-प्रदर्शन जारी रखा। बार अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि अगर 3 दिन के अंदर बढ़े हुए सर्किल रेट तथा 210 एलआर एक्ट के संबंध में अधिवक्ताओं की मांगे पूरी नहीं हुई तो अधिवक्ता उग्र प्रदर्शन करेंगे।

चक्का जाम करने तथा बाजार बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा बढ़े हुए सर्किल रेट तथा 210 एलआर एक्ट की फाइलें काशीपुर वापस ट्रांसफर करने के संबंध में की जा रही मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिवक्ता विगत 20 दिनों से लगातार तहसील, रजिस्ट्रार ऑफिस तथा एसडीएम कोर्ट के कामों से विरत है, फिर भी प्रशासन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।

वहां पर सचिव प्रदीप चौहान, कोषाध्यक्ष सनत पैगिया, पुस्तकालय अध्यक्ष कैलाश बिष्ट, अवधेश चौबे, प्रदीप सक्सेना, वीरेंद्र चौहान, नीरज खुराना, नरेश खुराना, रोहित, अरोरा, सुनील यादव आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार