बरेली: पदयात्रा को लेकर बनाई रणनीति, आईएमसी पदाधिकारियों ने की बैठक
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों मुसलमानों के खिलाफ हुई अलग-अलग घटनाओं को लेकर आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने 15 मार्च को दिल्ली तक पैदल मार्च करने का ऐलान किया है। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी दिल्ली कूच कार्यक्रम को सफल बनाने में लगे हुए हैं। घर-घर जाकर जनसंपर्क किया जा रहा है। मौलाना खुद पदयात्रा के प्रचार प्रसार को कई राज्यों का दौरा कर रहे हैं। इस संबंध में बुधवार देर रात आईएमसी प्रमुख के आवास पर बैठक की।
आईएमसी मीडिया प्रभारी मुनीर इदरीसी ने बताया कि दिल्ली जाकर राष्ट्रपति को ज्ञापन देने के ऐलान के बाद कार्यक्रम की सफलता के लिए शहर से लेकर गांव तक आईएमसी की मीटिंग जारी है। दिल्ली कूच कार्यक्रम में देश भर के मुसलमानों को शामिल करने के लिए आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां एक सप्ताह के दक्षिण भारत दौरे के पर गये थे। उनके आने से पहले आईएमसी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कार्यक्रम के संबंध में जगह-जगह मीटिंग कीं।
देर रात आईएमसी प्रमुख के निवास पर डॉ. नफीस खान और नदीम खान के नेतृत्व में समीक्षा बैठक बुलाई गई। जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने को दिशा निर्देश जारी करने के साथ दूसरे जिलों में संपर्क करने को टीम गठित करने का निर्णय लिया गया।
वहीं मन्नानी मियां के बाद पदयात्रा को उस्ताद-ए-जमन ट्रस्ट के अध्यक्ष नबीरे आला हजरत मुहम्मद कैफ का समर्थन मिला। इसमें डॉ. नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीसी, अफजाल बेग, नदीम कुरैशी, डॉ. रिजवान अंसारी, साजिद सकलैनी, रईस कुरैशी, मौलाना एहसानुल हक चतुर्वेदी, मोइन सिद्दीकी, तकदीरूल हसन, मुहम्मद राहिल, बब्बू, मौलाना मुश्ताक, इस्तेखार हुसैन, मुहम्मद शुएब आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रांसजेंडर के नहीं बन पा रहे पहचान पत्र, ऐसे करें आवेदन
