Fire In UP : होली पर कई इलाकों में लगती रही आग, दौड़ते रहे दमकल कर्मी, लाखों का नुकसान
Fire In UP कानपुर में होली पर कई इलाकों में आग लगी।
Fire In UP कानपुर में काकादेव, फजलगंज, चौबेपुर, चकेरी व पनकी थाना क्षेत्रों में आग लग रही। इधर, आग की सूचना पाकर दमकल कर्मी इधर-उधर दौड़ते रहे। आग से लाखों रुपये का नुकसान बताया जा रहा।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में होली के दिन घूम-घूम कर कई स्थानों पर आग लगती रही। जिसके कारण सूचना पर दमकल कर्मी दिनभर दौड़ते नजर आए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। आग से सभी स्थानों पर लाखों का नुकसान बताया जा रहा है।
काकादेव में लीकेज सिलेंडर से आग
काकादेव थानाक्षेत्र के राजापुरवा निवासी सुमित कुमार के घर में बुधवार दोपहर आग लग गई। घटना की जानकारी पर पहुची दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पा लिया। फजलगंज फायर स्टेशन प्रभारी विनोद पांडेय ने बताया कि लीकेज सिलेंडर ने किसी प्रकार आग पकड़ ली थी। दमकल कर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। ब्रीथ ऑपरेट सूट पहनकर जल रहे सिलेंडर को बाहर निकाला गया। आग से गृहस्थी का काफी सामान जल गया है। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं है।
वेस्ट रिसाइकिल कंपनी में आग
फजलगंज इंडस्ट्री एरिया स्थित विधि वेस्ट रिसाइकिल कंपनी में बुधवार सुबह आग से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पर फजलगंज फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पा लिया गा। स्टेशन प्रभारी विनोद ने बताया प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अनुमान है। कुछ ही देर में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं है।
घर में लगी आग, गृहस्थी राख
चौबेपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम रौतापुर कला के एक घर में आग लग गई। सूचना पर मोटर फायर इंजन 4129 घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचकर यूनिट ने आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। इंदलपुर जुगराज रघुनाथपुर गांव में बिजली के तारों से हुई स्पार्किंग में चिंगारी जगदीश निषाद के मकान पर गिर गई। जिससे घर की गृहस्थी का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
श्याम नगर में कूड़े में लगी आग
चकेरी थानाक्षेत्र के श्याम नगर इलाके में कूड़े के ढ़ेर में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया। करीब 20 फुट ऊंची लपटें देख लोग दहशत में आ गए। इलाकाई लोगों की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर स्टेशन जाजमऊ से रवाना यूनिट ने टीम के साथ आग लगने के कारण जाने। इस दौरान थाना चकेरी की पुलिस मौजूद रही।
नशे में सगे भाईयों में विवाद के बाद लगाई आग
पनकी थाना क्षेत्र के बरगदिया पुरवा में नशे मे भिड़े दो सगे भाईयों ने तीन झोपड़ियों में आग लगा दी। धू-धूकर जलते छप्पर और गृहस्थी को देख आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लोगों ने पानी भरभर कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग और धधकने लगी। आग की चपेट में आकर गृहस्थी जलकर राख हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया
