अयोध्या: भ्रष्ट यार-बचाए सरकार ...अडानी मामले को लेकर कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। उद्योगपति अडानी मामले में कांग्रेस ने मोदी सरकार पर घोर पूंजीवाद का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के पास प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी भी की। पूर्व घोषित कार्यक्रम के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल के नेतृत्व में प्रदर्शन के लिए नारेबाजी करते हुए भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय से मुख्य शाखा की ओर बढ़े। 

पहले से मुस्तैद पुलिस बल के जवानों ने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका तो कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और नारेबाजी तेज कर दी। कार्यकर्ता भ्रष्ट यार-बचाए सरकार जैसे नारे लगा रहे थे। धरना दे रहे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल ने कहा केंद्र की मोदी सरकार इस देश में अघोषित आपातकाल लगाए हुए है। मोदी सरकार संसद से लेकर सड़क तक विपक्ष की आवाज को दबाने का कार्य कर रही है। 

जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह ने प्रधानमंत्री को उद्योगपतियों का सेवक बताते हुए मोदी पर देश की अर्थव्यवस्था को गलत दिशा में ले जाने का आरोप लगाया। पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक सिंह, रामदास वर्मा तथा पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण देश में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ रही है तथा बैंकों में रखा हुआ आम जनता का पैसा सुरक्षित नहीं रहा।

पार्टी प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि अडानी मामले में मोदी सरकार के घोर पूंजीवाद को देश की जनता जान चुकी है। सबको पता है कि कारोबारी मित्र के हित में देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को समूह को बेच रही है। एसबीआई तथा एलआईसी जैसी संस्थाओं को अदानी समूह में निवेश करने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीयों की करोड़ों की बचत जोखिम में है। 

प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा, अनिल तिवारी, विजय पांडे, प्रवीण श्रीवास्तव, डीएन वर्मा, अशोक राय, रामेंद्र त्रिपाठी, अब्दुल हकीम, प्रमिला राजपूत, कंचन दुबे, डॉ. विनोद गुप्ता, प्रेम नारायण पांडे, राजकुमार मौर्य, राजदेव वर्मा, आशीष गुप्ता, अमर बहादुर चौधरी, अनंतराम सिंह, आशुतोष सिंह, सौरभ सिंह, बसंत मिश्रा, रामसूरत सोनी, चंचल सोनकर, भारत वर्मा, धर्मेंद्र सिंह फास्टर, अमरीश कौशल, रामसूरत सोनी, सुनील पाल आदि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:-... तो OBC के सदस्यों के जूते क्यों उतरवाए गये, अखिलेश ने सीएम योगी पर लगाया भेदभाव का आरोप, जानें मामला

संबंधित समाचार