रुद्रपुर: पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी
रुद्रपुर, अमृत विचार। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र अंतर्गत निवासी एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप था कि आरोपी पिछले एक साल से किराए के मकान में रह रहा था और नाबालिग को डरा-धमकाकर उसका शोषण कर रहा था।
जिस के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रांजिट कैंप व आवास विकास चौकी इलाके के रहने वाले एक युवक ने आवास विकास पुलिस को तहरीर सौंप किराये पर रहने वाले संजय पासवान के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। तहरीर के अनुसार आरोपी संजय 8 मार्च को होली के दिन नाबालिग को अपने जीजा के घर लेकर आया और डरा-धमकाकर उसका बलात्कार किया।
इसी दौरान रिश्तेदारी की एक महिला ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इस पर आरोपी नाबालिग को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि आरोपी संजय अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर पिछले एक साल से दुष्कर्म कर रहा था।
थाना ट्रांजिट कैंप में आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आवास विकास पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने गुरुवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर आरोपी संजय कुमार पासवान निवासी ग्राम कुशाला थाना त्रिवेणीगंज जिला सूहपोर बिहार को रोडवेज बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
