टनकपुर: पूर्णागिरि मेला शुरू होते ही नो मैंसलैंड पर फिर अतिक्रमण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

टनकपुर, अमृत विचार। सुप्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला शुरू होने के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से एक बार फिर नो मैंस लैंड पर अतिक्रमण शुरू होने लग गया है। दर्जनों दुकानें अस्थाई तौर पर इस क्षेत्र में लगा दी गई हैं।

इधर एसएसबी के निर्देश के बाद भी इस क्षेत्र से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है,जिससे दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है। उल्लेखनीय है कि पिछले लंबे समय से जनपद चम्पावत के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा से लगे नेपाल सीमा के नो मैंस लैंड पर नेपाल की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण होता रहा है।

वहीं नो मैंस लैंड के पास ही अस्थाई तौर पर बनाया गया पुलिस चेक पोस्ट को भी अभी तक नहीं हटाया गया है। लंबे समय से चला आ रहा यह विवाद अभी तक नहीं सुलझ पाया है। होने को तो दोनों देशों के अधिकारियों की बीच बीच में इस मसले को लेकर बैठक होती है लेकिन नतीजा नहीं निकल पाता है।

इधर 9 मार्च से शुरू हुए पूर्णागिरि मेले के साथ ही टनकपुर से लगे ब्रह्मदेव मंडी के नो मैंस लैंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए जाने को लेकर एसएसबी द्वारा बार-बार अतिक्रमणकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं लेकिन इसका कोई पालन नहीं हो पा रहा है। पूर्णागिरि मेला के मेला मजिस्ट्रेट और एसडीएम सुंदर सिंह ने बताया कि इस मामले में एसएसबी निगरानी रखे हुए हैं।

संबंधित समाचार