रुद्रपुर: सिडकुल श्रमिक ने टीन शेड के एंगल पर दुपट्टे का फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या
रुद्रपुर, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते सिडकुल की एक कंपनी में काम करने वाले श्रमिक ने टीन शेड के एंगल पर दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार देवरिया (यूपी) और हाल निवासी पंतनगर इंदिरा कॉलोनी विनोद कुमार गुप्ता (36) पुत्र स्व. राजबली गुप्ता परिवार के साथ यहां रहता था। उसके ससुराल वाले भी पड़ोस में ही रहते हैं। बताया जा रहा है कि विनोद सिडकुल की एक कंपनी में श्रमिक था।
तीन माह से वह घर में ही था। शनिवार रात उसकी पत्नी पड़ोस में स्थित अपने मायके गई थी। कुछ देर बाद जब उसकी पत्नी आई तो उसके शोर मचाने पर वहां आसपास के लोगों को जमावड़ा लग गया। इसके बाद उसे फंदे से उतारा गया। आनन-फानन में परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे।
जहां डॉक्टर से उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष पंतनगर राजेंद्र सिंह डांगी, एसआई संजय सिंह पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
