Auraiya: गोलीकांड के छह आरोपी गिरफ्तार, आर्टीफीशियल ज्वैलरी बदलने को लेकर विवाद, सरेराह फायरिंग कर मचाया था हड़कंप
औरैया में गोलीकांड के छह आरोपी गिरफ्तार।
औरैया के सदर कोतवाली क्षेत्र में आर्टीफीशियल ज्वैलरी बदलने को लेकर हुए विवाद में छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना में नाबालिग भी शामिल है।
औरैया, अमृत विचार। शहर के लेडीज मार्केट में बीती रात्रि हुए गोलीकांड के मामले में पुलिस ने नामजद छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा बरामद किया है। एएसपी ने बताया कि घटना में शामिल दो आरोपी नाबालिग हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है। आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि आर्टीफीशियल ज्वैलरी बदलने को लेकर विवाद हुआ था। बाद में उन्होंने दुकानदार के ऊपर फायरिंग की थी।
कोतवाली में वार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक दिगम्बर कुशवाहा ने बताया कि शनिवार की देरशाम शहर के लेडीज मार्केट में आर्टीफीशियल ज्वैलरी बदलने को लेकर दुकानदार वह ग्राहक में विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि विवाद होने के बाद आरोपी बृजेंद्र सिंह ने अमन चौहान पुत्र शिव सिंह निवासी ठठराई मोहाल, विजय ठाकुर पुत्र हरीमोहन सिंह चौहान निवासी बनारसीदास, तरूण मिश्रा पुत्र अजय मिश्रा निवासी ब्रहमनगर, यशराज धोवी व शशांक ठाकुर को बुला लिया।
इसके बाद मारपीट शुरू हो गई। उसी दौरान उन्होंने तमंचा से फायर कर दिया था। जिससे तमंचे के छर्रे किसी काम से बाजार आई कानपुर देहात के वीरपुर निवासी सलोनी(20), गुमटी मोहाल निवासी आलोक(38) व रुहाई मोहाल निवासी आदित्य विश्नोई(30) के जा लगे। फायरिंग होते ही देख बाजार में भगदड़ मच गई थी। आक्रोशित व्यापारियों ने बाइक सवार हमलावर दो युवको को पकड़ कर जमकर धुनाई।
आरोपियों ने बताया कि बृजेंद्र की भतीजी ने राजीव लक्ष्यकार की दुकान से आर्टीफीशियल ज्वैलरी खरीदी थी, जिसे वापस करने के आई थी। दुकानदार ज्वैलरी वापस न किये जाने पर बृजेंद्र ने उन लोगों को बुलाया था और ज्वैलरी वापस करने को लेकर दबाव बनाया था। एएसपी ने बताया कि घटना में शामिल यशराज व शशांक नाबालिग हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
