बरेली: नए मतदाता बनना शुरू, दोपहर बाद कई बूथों से बीएलओ नदारद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

17 मार्च तक आपत्तियां और दावे प्रस्तुत कर सकते हैं मतदाता

बरेली, अमृत विचार। निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। 10 मार्च को जिले के सभी निकायों की निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होने के बाद रविवार से नए वोटर बनना भी शुरू हो गए। इसके साथ निर्वाचक नामावली का निरीक्षण कर दावे और आपत्तियां लगाने का क्रम भी जारी हो गया है।

सुबह 10 बजे से 5 बजे तक नगर निगम के 80 वार्डों के लिए बनाए गए 585 बूथों पर बीएलओ और अन्य स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई ताकि मतदाताओं को वोटर संबंधी जानकारी के लिए परेशान न होना पड़े लेकिन कई स्कूलों में बने बूथों पर दोपहर बाद बीएलओ व अन्य स्टाफ नदारद मिला। इससे मतदाताओं को वोट वार्ड से बाहर न होने, भाग संख्या जानने के साथ अन्य जानकारी लेने के लिए निराशा हाथ लगी।

एमबी इंटर कॉलेज, गुलाब राय, केडीएमई समेत कई स्कूलों के बूथों पर दोपहर बाद बीएलओ समेत अन्य स्टाफ नजर नहीं आया। अधिकांश बूथों पर बीएलओ समेत अन्य स्टाफ चंद घंटे बैठकर दोपहर बाद चलते बने। बालजती कन्या इंटर कॉलेज के बूथ केंद्र पर कई मतदाता भाग संख्या जानने पहुंचे लेकिन स्टाफ के रवैये से निराशा हुई। स्टाफ ने भाग संख्या नहीं बताकर पार्षद से घर जाकर जानकारी करने की बात टरका दिया।

हालांकि इस बूथ पर कई नए वोटर भी बने हैं। कांग्रेसी नेता दिनेश दद्दा ने बताया कि वह बूथ पर भाग संख्या जानने पहुंचे लेकिन स्टाफ ने नहीं बताई। इसी बात पर हल्की नोकझोंक भी हुई। स्टाफ काे नाम पता बताने पर भाग संख्या बताने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इधर, प्रभारी जिलाधिकारी एवं सीडीओ जग प्रवेश ने बताया कि नए वोटर 1 अप्रैल तक बनेंगे। 17 मार्च तक प्रकाशित निर्वाचक नामावलियों पर कोई भी अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। सभी एसडीएम को मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: झांसे में लेकर पौने चार लाख रुपये हड़पे, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार