मुरादाबाद : नाले में मिला लापता लेखपाल का शव, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रिश्वत लेने के आरोप में एक साल की जेल हुई थी जेल

मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर क्षेत्र में शनिवार से लापता लेखपाल का शव संदिग्ध परिस्थिति में देहरी गांव के पास नाले में मिला। सूचना पर पहुंची कटघर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी शिनाख्त कराई। शव की पहचान कुलदीप सक्सेना बिलारी तहसील में तैनात लेखपाल के रूप में हुई। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। उनकी पत्नी ने हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर जांच कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देहरी गांव फैक्ट्री के पास एक व्यक्ति की लाश नाले में तैरती हुई दिखाई दी। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ कटघर शैलजा मिश्रा, एसएचओ राजेश सोलंकी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को नाले से बाहर निकलवा कर फॉरेसिंक टीम को जानकारी दी। घटनास्थल की फॉरेसिंक टीम ने जांच की तो शव के पास से मिले कागजात से उसकी पहचान बसंत विहार निवासी कुलदीप सक्सेना के रूप में हुई। मृतक कुलदीप मौजूदा समय में बिलारी तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत थे।

एसएचओ राजेश सोलंकी ने बताया कि परिजनों ने कुलदीप की गुमशुदगी की रिपोर्ट शनिवार को दर्ज कराई थी। जिसके बाद से पुलिस तलाश कर रही थी। रविवार दोपहर सूचना मिली की एक व्यक्ति की लाश नाले में तैर रही है। इस पर शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। प्रथम दृष्टया पुलिस का मनाना है कि अधिक शराब पीने से वह नाले में जा गिरा। जिस वजह से उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

वही उनकी पत्नी ने आरोप लगाया कि उनके पति शराब का सेवन करते थे। मगर इतना नहीं कि वह होश खो दें। उनके पति की किसी ने हत्या की है। मृतक की बीवी ने बताया कुछ वर्ष पूर्व एंटी करप्शन का एक मामला हुआ था। जिसमें कुछ लोग उन्हें केस वापस लेने के लिए जान से मारने की धमकी देते थे। शनिवार रात में उसने अपने पति कुलदीप को फोन किया। उसके पति किसी बात को लेकर घबराए थे। फोन पर कहा कि यहां आ जाओ मुझे ले चलो। इसके तुरंत बाद उनका फोन बंद हो गया। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ कुछ भी पता नही चला। पुलिस से सूचना मिली की उनके पति की लाश नाले में मिली है।

रिश्वत लेने मामले लेखपाल जेल जा चुके थे
पंडित नगला के रहने वाले लेखपाल कुलदीप सक्सेना लगभग तीन साल पहले बिलारी में तैनाती के दौरान रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने उन्हें पकड़ा था। इसके बाद उन्हें लेखपाल कुलदीप एक साल के लिए जेल भी गए थे। आठ माह पहले ही वह हाईकोर्ट के आदेश पर वह बहाल हो गए थे। मृतक लेखपाल मूल रूप से कांठ के रहने वाले थे। आठ साल पहले उन्होंने पंडित नगला बाईपास के पास मकान बनाया था। यहां वह अपने परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नि दो बेटी और एक बेटा है।

लेखपाल की मौत पर लेखपाल संघ ने जताया शोक
लेखपाल कुलदीप सक्सेना की संदिग्ध हालात में हुई मौत पर लेखपाल संघ ने दुख व्यक्त किया है। लेखपाल संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष विनय अरोड़ा ने कहा कि लेखपाल की मौत से संगठन में शोक है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : आलू की आवक बढ़ने और दामों में गिरावट से किसानों को नुकसान

संबंधित समाचार