प्रयागराज: अतीक के लापता नाबालिग बेटों के मामले में सुनवाई टली
प्रयागराज। उमेश पाल हत्याकांड के बाद अतीक अहमद के दोनों नाबालिग बेटों को पुलिस ने उनके घर से उठा लिया था। अतीक की पत्नी शाइस्ता ने बेटों के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दिनेश कुमार गौतम की अदालत में अर्जी दाखिल की, जिस पर सोमवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन सुनवाई नहीं हो सकी।
गौरतलब है कि शाइस्ता ने अपनी अर्जी में जानकारी दी थी कि उनके पति, बेटों और देवर के साथ ही उन्हें भी हत्याकांड में धूमनगंज थाने में नामजद किया गया है और हत्या वाले दिन से धूमनगंज पुलिस शाम 6 बजे उनके दो नाबालिग बेटों ऐजम अहमद और अबान अहमद को गैरकानूनी तरीके से उठा ले गई। दोनों बेटों के बारे में कुछ पता ना चल पाने पर शाइस्ता ने पुलिस से रिपोर्ट मांगे जाने की गुहार लगाई थी।
शाइस्ता की अर्जी पर कोर्ट ने धूमनगंज थाने से इस संबंध में रिपोर्ट तलब की थी, जिसके अनुपालन में पुलिस की तरफ से सील बंद लिफाफे में रिपोर्ट दाखिल कर दी गई। उक्त मामले की अगली सुनवाई आगामी 15 मार्च को सुनिश्चित की गई है।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: पत्नी के ऊपर फेंका था तेजाब, अब पुलिस से लग रहा डर, एनकाउंटर की बात कर कर किया हंगामा
