मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में बरेली फिसड्डी, शासन ने जारी की रैंक
बरेली, अमृत विचार। मरीजों को बेहतर इलाज देने का दावा दम तोड़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं धरातल पर नजर आ रही हैं। शासन की ओर से जारी की गई स्वास्थ्य सेवाओं की रैंकिंग में जिले को प्रदेश में 67 वां स्थान मिला है।
शासन की ओर से जारी रैंकिंग के अनुसार जिले के छह ब्लाकों को रेड जोन में शामिल किया गया है। इन ब्लाकों की स्वास्थ्य सेवाएं सुधारने के लिए अधिकारियों को अधिक मेहनत करनी होगी। कुल 16 बिंदुओं पर तैयार रिपोर्ट के मुताबिक इस बार रैंकिंग जारी की गई है।
सबसे गंभीर स्थिति मझगवां, भोजीपुरा, मुड़िया नवी वक्श, बिथरी चैनपुर, कुआटांडा व जिला अस्पताल की है। यहां मरीजों को न ढंग से इलाज दिया जा रहा है और न ही गर्भवतियों की एचआइवी जांच की जा रही है। इन सीएचसी का डिलीवरी रेट भी काफी गिरा हुआ है। घर-घर जाकर गर्भवतियों की भी जांच नहीं की जा रही है। आशाओं का भुगतान भी इन ब्लाक में नहीं हुआ है। जिसकी वजह से रैंकिंग में और गिरावट दर्ज हुई।
इन ब्लॉकों की स्थिति बेहतर
रैंकिंग के अनुसार पांच ब्लॉक ऐसे हैं, जहां की स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हैं। इन ब्लॉकों में क्यारा, फरीदपुर, शेरगढ़ और नवाबगंज शामिल है।
यह भी पढ़ें- बरेली: मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण, अर्बन हॉट को 15 अप्रैल तक पूरा करने की दी चेतावनी
