अयोध्या : रामनवमी में जन्मभूमि आने वाले श्रद्धालुओं को निशुल्क लॉकर की सौगात 

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

300 लॉकर की व्यवस्था शुरू करेगा ट्रस्ट, बड़े सामानों के लिए अलग से होगा लॉकर 

अयोध्या, अमृत विचार। रामनवमी पर राम जन्मभूमि आने वाले श्रद्धालुओं को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट निशुल्क लॉकर सुविधा उपलब्ध कराएगा, जहां पर श्रद्धालु अपने सामान को सुरक्षित रख सकेंगे। इसके लिए पहले 300 लॉकर की व्यवस्था राम जन्मभूमि दर्शन मार्ग पर बनाई जा रही है। 

राम जन्मभूमि पर रामलला के भव्य मंदिर का निर्माण होता देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की मंशा है कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा ना हो श्रद्धालु के सामानों को सुरक्षा पूर्वक एक स्थान पर रखा जा सके। इसके लिए राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट कार्यालय के सामने पुलिस चेकिंग प्वाइंट पर लॉकर बनाने जा रहा है।

ट्रस्ट कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता बताते हैं कि 21 मार्च से दर्शन मार्ग पर एक चबूतरा तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 300 लॉकर की व्यवस्था होगी, जिसमें बड़े सामान रखने के लिए अलग लॉकर की व्यवस्था रहेगी। परिसर में यात्रियों को किसी भी प्रकार के सामान को ले जाना निषेध है। इसलिए लॉकर की सुविधा को यात्रियों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

निजी लॉकर संचालकों की मनमानी पर लगेगी लगाम

राम जन्मभूमि पर आने वाले श्रद्धालुओं के सामानों को रखने के लिए दर्शन मार्ग पर दो दर्जन से अधिक निजी लाकर संचालन किया जा रहा है। इन लॉकरों में मोबाइल, पर्स व अन्य समानों को रखने के लिए 10, 20, 50 और 100 रुपये तक की रकम वसूली जाती है। आए दिन लॉकरों से सामानों के चोरी जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं। कई बार श्रद्धालुओं के साथ लाकर संचालकों से मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी है, लेकिन इन पर जिला प्रशासन लगाम लगाने में असमर्थ रहा है। ट्रस्ट प्रभारी प्रकाश गुप्ता भी मानते हैं कि निजी लॉकर संचालक मनचाहे पैसे वसूलते हैं।

नौ दिन तक राममय रहेगी अयोध्या 

अयोध्या में राम जन्मोत्सव की तैयारियां जोरों पर चल रही है। नौ दिन तक अयोध्या राममय रहेगी। रामनवमी पर अयोध्या में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। अभी तक मंदिर परिसर में लॉकर सुविधा नहीं थी, लेकिन राम जन्मोत्सव में पहुंचने वाली भीड़ और निजी लॉकर संचालकों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की निशुल्क लॉकर की व्यवस्था से श्रद्धालुओं को काफी सहुलियतें मिलेंगी।

यह भी पढ़ें : प्रयागराज : अस्पताल में बिना ओटीपी के नहीं बन रहा काउंटर पर पर्चा

संबंधित समाचार