रुद्रपुर: दोबारा नियुक्ति नहीं मिलने पर कोविड कर्मी भड़के, प्रदर्शन
रुद्रपुर, अमृत विचार। कोविड काल में अहम भूमिका निभाने वाले कोविड कर्मियों ने विभागीय समायोजन किए जाने की मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि छह माह का कार्यकाल बढ़ाने के दौरान समायोजन किए जाने का आश्वासन दिया गया था और अब कार्यकाल समाप्त होने पर कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। उन्होंने आगाह किया कि यदि उनकी मांग पर गौर नहीं किया तो आंदोलन किया जाएगा।
गुरुवार को सीएमओ को ज्ञापन देते हुए कोविड कर्मियों ने बताया कि कोरोना काल के दौरान उनके द्वारा जान जोखिम में डाल कर अपने दायित्वों का निर्वहन किया था। जिसके बाद सभी कोविड कार्मिकों का हटा दिया गया था। मगर आंदोलन व संघर्ष के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 102 कार्मिकों को छह माह तक का कार्यकाल बढ़ा दिया गया था। साथ ही आश्वासन दिया गया था कि किसी भी कार्मिक को बाहर नहीं किया जाएगा और रिक्त पदों पर नियुक्ति दी जाएगी। साथ ही विभागों में समायोजन का आश्वासन दिया था।
उन्होंने कहा कि 14 मार्च को उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद अभी तक कोई नया आदेश जारी नहीं किया। उन्होंने सीएमओ से विभागीय समायोजन करने की मांग की। इस अवसर पर रामनिवास, संजय कुमार, हिमांशु कुमार, आकाश, अनिल पांडे, योगेश उप्रेती, भीम सिंह, कंचन रानी, राजीव कुमार, धनवीर सिंह, दीपक शर्मा, कृष्ण अवतार, अतुल पंत, आकाश कुमार आदि मौजूद रहे।
