ऑपरेशन मुस्कान: लापता महिला मुंबई से बरामद, प्लेन से मुंबई पहुंची गोंडा पुलिस  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, गोंडा। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के गांव से लापता हुई एक महिला को पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत शिकायत मिलने के बाद 12 घंटे के भीतर मुंबई के गोरेगांव इलाके से बरामद कर लिया और उसे गोंडा लाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति ने 15 मार्च को पुलिस अधीक्षक से मिलकर अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने एसपी को बताया था कि उसकी बेटी 11 मार्च से लापता है और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट उमरी बेगमगंज थाने में दर्ज है, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल पा रहा है। पीड़ित ने बेटी की हत्या की आशंका भी व्यक्त की थी। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर में तत्काल पुलिस की सर्विलांस टीम को एक्टिव किया तो महिला की लोकेशन मुंबई में मिली। 

एसपी ने तत्परता दिखाते हुए उपनिरीक्षक विनय कुमार पांडेय व महिला कांस्टेबल चंदा विश्वकर्मा को प्लेन से मुंबई जाने का निर्देश दिया। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम हवाई यात्रा कर मुंबई पहुंची और महिला की लोकेशन को ट्रेस कर उसे गोरेगांव के इलाके से बरामद कर लिया गया। गुरुवार को पुलिस टीम बरामद महिला को लेकर वापस गोंडा पहुंची और लिखा पढ़ी करने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी आकाश तोमर के इस तत्परता की पीड़ित परिवार ने जमकर सराहना की और गोंडा पुलिस को धन्यवाद दिया।

ये भी पढ़ें -गोंडा: थाने पर हंगामा कर रहे युवक को ले जा रही पुलिस की जिप्सी पलटी, चार घायल   

संबंधित समाचार