प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने की विकास कार्यों की समीक्षा, कहा- कुर्सी पर बैठकर जनता के साथ न्याय करें अफसर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

 जिले के प्रभारी मंत्री ने समीक्षा बैठक में कहा, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों पर तेजी से काम कराएं

प्रभारी मंत्री ने जिले की सड़कों और नहरों पर किया फोकस, उद्यमियों की समस्याओं पर की चर्चा, गो शालाएं बेहतर करने पर जोर 

रामपुर, अमृत विचार। सहकारिता मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से कहा कि कुर्सी पर बैठकर जनता के साथ न्याय करें। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाले कार्यों पर तेजी से काम करें। वहीं जिले में स्थित नहरों में जल आपूर्ति, भू माफियाओं के विरुद्ध कार्यवाई, गो संरक्षण, दवाओं की उपलब्धता, जल जीवन मिशन, किसान सम्मान निधि आदि योजनाओं के बारे में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ और विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। उद्यमियों की बैठक में उनकी समस्याओं पर चर्चा की। 

विकास भवन सभागार में शुक्रवार की दोपहर हुई समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि अधिशासी अभियंता यह सुनिश्चित करें कि जिन परियोजनाओं के लिए धन की उपलब्धता शासन द्वारा कराई जा चुकी है, उनका टेंडर के बाद कार्य शुरू कराएं। कहा कि गोवंश का संरक्षण मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि गोशालाओं का बेहतर संचालन हो तथा गोवंश को निर्धारित मानक के अनुरूप चारा और आहार की आपूर्ति होनी चाहिए। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लाभार्थियों को कार्ड जारी नहीं होने की वजह से उन्हें स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने में असुविधा हो रही है जिस पर प्रभारी मंत्री ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि वह आयुष्मान कार्ड जारी करने के लिए लगाए गए कर्मचारियों को सक्रिय करें। 

उद्यमियों के साथ हुए संवाद में मौजूद प्रत्येक उद्यमी से उनके उद्यम के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की। आईआईए के सचिव श्रीष गुप्ता ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उद्यमियों को अपना उद्यम संचालन में अनुकूल माहौल मिल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने मित्र पुलिस की पहल, साइबर अपराध से सुरक्षा की कवायद, यातायात प्रबंधन और जनपद में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए उठाए जा रहे प्रभावी कदम के बारे में जानकारी दी।

मत्स्य पालन की संभावनाओं के बारे में प्रभारी मंत्री के पूछने पर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की तहसील मिलक मत्स्य बीज उत्पादन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान रखता है, इसके प्रोत्साहन के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुर्सी पर बैठकर न्याय करें और जनता के हितों को ध्यान में रखकर सरकार की प्रत्येक योजना की पूरी पारदर्शी प्रक्रिया के साथ प्रत्येक लाभार्थी तक पहुंच सुनिश्चित कराएं। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल के मैदानों के विकास को सराहते हुए कहा कि इससे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा को साकार रूप मिल रहा है क्योंकि ग्रामीण युवा इससे हर प्रकार के खेलकूद की गतिविधियों से जुड़ सकेगा

समीक्षा बैठक में सांसद घनश्याम सिंह लोधी, विधायक आकाश सक्सेना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, पैक्स फेड के अध्यक्ष सूर्यप्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, पूर्व विधायक अली यूसुफ अली, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी डा. नंदकिशोर कलाल, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ला, जिला विकास अधिकारी, अश्विनी कुमार मिश्रा, मुख्य पशु अधिकारी डा. महेश कुमार कौशिक, सहायक निदेशक मत्स्य डा. अनीता समेत तमाम अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। 

विकास भवन पर 12 दिव्यांगों को बांटी मोटराइज्ड ट्राई साइकिल
100 दिव्यांग जनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भेंट की गई जिनमें से 12 दिव्यांग जनों को विकास भवन परिसर में प्रभारी मंत्री ने स्वयं मोटराइज्ड ट्राई साइकिल भेंट की। ग्राम काशीपुर पहुंचकर वहां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। दो बच्चों का अन्नप्राशन किया और दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई संस्कार में सम्मिलित हुए। कहा कि प्रत्येक मरीज को उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पांच लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड भी प्रदान किए। काशीपुर स्थित स्मार्ट आंगनबाड़ी केंद्र और प्राथमिक विद्यालय में स्थिति स्मार्ट कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया। ग्राम सींगनखेड़ा पहुंचकर प्रभारी मंत्री ने वर्मी कंपोस्ट केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया और वहां निर्मित अमृत सरोवर पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित किया। शाम को किला परिसर में पीएम स्वनिधि फूड के तहत लगाई गई दुकानों का प्रभारी मंत्री ने उद्घाटन किया गोल गप्पों और बनारसी पान का लुत्फ लिया।   

रामपुर को लगेंगे विकास के पंख, उद्योग के क्षेत्र में बनेगा नंबर वन : राठौर
 जनपद के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि रामपुर को विकास के पंख लगेंगे। औद्योगिक क्षेत्र में अब कानपुर की हालत खराब हो गई है। प्रयास यह रहेगा कि रामपुर कानपुर से भी ज्यादा तरक्की करे। इसके लिए इन्वेस्टमेंट समिट में उद्यमियों ने प्रस्ताव दिया है। उन्होंने बताया कि उन्हें रामपुर और हरदोई का प्रभारी बनाया गया है। विकास भवन में शुक्रवार की दोपहर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक और उद्योग बंधु की बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सड़कों का जाल बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा घर-घर नल योजना पर भी काम चल रहा है।  जिला अस्पताल के डाक्टरों की कमी की बाबत कहा कि  विशेषज्ञ चिकित्सक को पांच लाख रुपये प्रतिमाह तक पर हायर कर लेंगे। स्वार-टांडा में उपचुनाव की बाबत कहा कि वहां भाजपा जीतने का प्रयास करेगी। कहा कि पिछले समय में कानपुर उद्योग के क्षेत्र में बहुत पीछे चला गया रामपुर को और अच्छा करेंगे। रामपुर प्रदेश में नंबर उद्योग के क्षेत्र में जिला बनेगा।

ये भी पढ़ें : रामपुर को लगेंगे विकास के पंख, उद्योग के क्षेत्र में बनेगा नंबर वन : राठौर

संबंधित समाचार