किच्छा पुलिस ने नशे के 65 इंजेक्शनों के साथ तीन दबोचे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा/पुलभट्टा, अमृत विचार। नशा तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए गए अभियान के तहत पुलभट्टा पुलिसको बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलभट्टा पुलिस ने नशीले इंजेक्शन की तस्करी कर रहे तीन आरोपियों को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शनों के साथ दबोच लिया। पुलिस ने  तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
 

जानकारी के अनुसार पुलभट्टा थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस ने ड्रग्स  के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही किए जाने के क्रम में बरेली से उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान बरेली की तरफ से उत्तराखंड आ रहे एक टेंपो को जब पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो टेंपो चालक ने वाहन को पुराना बरेली रोड की तरफ मोड़ दिया। इस दौरान टेंपो में सवार तीन आरोपी वाहन से उतर कर भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों को दबोच लिया।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम-पता वार्ड नंबर 14, गली नंबर 5, शनि बाजार नई मंडी, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी टेंपो चालक राजीव गंगवार, वार्ड नंबर 14, उत्तर उजाला, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी मोहम्मद असलम एवं मोहम्मदी मस्जिद, इंदिरा नगर वार्ड नंबर 21, थाना बनभूलपुरा, हल्द्वानी, जिला नैनीताल निवासी जीशान बताया। थाना अध्यक्ष भट्ट ने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने टेंपो की डिग्गी से नशे के 65 इंजेक्शन को कब्जे में ले लिया।

भट्ट ने बताया कि आरोपी करीब एक वर्ष से नशीले इंजेक्शन बेचने का कारोबार कर रहे थे और आपराधिक प्रवृत्ति के होने के साथ-साथ आरोपियों ने खुद भी नशीले इंजेक्शन उपयोग करने की बात बताई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के अनुसार उनके द्वारा सीमावर्ती क्षेत्र बहेड़ी जिला बरेली स्थित दादा मियां की मजार के सामने नासिर नामक व्यक्ति से नशे के इंजेक्शन खरीदे जाते हैं और नासिर मूल रूप से बहेड़ी के निकट रिछा क्षेत्र का रहने वाला है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 65 नशीले इंजेक्शन के अलावा तीन मोबाइल फोन बरामद कर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने बरामद टेंपो को सीज कर नशा तस्करी में लिप्त बहेड़ी निवासी नासिर की तलाश प्रारंभ कर दी है। पुलिस टीम में एसआई कीर्ति भट्ट, उप निरीक्षक प्रताप सुयाल, मनोज मेहरा, फिरोज खान, चरण सिंह, प्रवीण कुमार आदि शामिल रहे। 

संबंधित समाचार