मुरादाबाद : तेज बारिश से सड़क पर भरा गंदा पानी, आवागमन में हो रही परेशानी
कामकाजी लोगों को हुई मुश्किल, बारिश से बचने के लिए ढूंढना पड़ा उपाय, तीन दिन पहले से ही बारिश का जताया गया था अनुमान
मुरादाबाद,अमृत विचार। मौसम ने सोमवार को अचानक करवट ली। सुबह गरज तड़क के साथ तेज बारिश से काठ की पुलिया क्षेत्र में बारिश से नाली का पानी सड़क पर भर गया। नवीननगर, आशियाना, सिविल लाइंस, रामगंगा विहार आदि क्षेत्रों में बारिश से जलजमाव हो गया। इससे कामकाजी लोगों और स्कूल-कालेज जाने वालों को असुविधा हुई। बारिश से नगर निगम के सफाई और जल निकासी के कार्य भी पोल खुली।
दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड के कई जिलों में दो दिन से हो रही बारिश का असर सोमवार को जिले में भी दिखा। सुबह घने बादल के बाद अचानक गरज तड़क के साथ तेज बारिश शुरु हुई। करीब आधा घंटे की बारिश में शहर के कई मोहल्ले काठ की पुलिया, आशियाना, सिविल लाइंस, रामगंगा विहार, नवीन नगर आदि में जलजमाव हो गया।
नाली का पानी सड़क पर बहने से गंदगी के बीच लोगों को आना जाना पड़ा। कार्यालयों और अपने प्रतिष्ठानों के लिए निकले लोग बारिश में फंसे। दोपहिया वाहन चालक बारिश से बचने के लिए सुरक्षित जगह तलाशने लगे। वहीं जहां जलजमाव हुआ वहां लोग गंदे पानी से होकर आवागमन को मजबूर हुए। दिन में भी बारिश का क्रम चला। बारिश से तापमान में कमी आई।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सर! मेरी मौत के बाद तो इंसाफ करेंगे न? छेड़छाड़ से परेशान 12वीं की छात्रा ने सुसाइड नोट लिखकर खाया जहर
