Kanpur News : CSJM और ICAR कृषि क्षेत्र में करेंगे कार्य, दोनों संस्थानों के बीच MoU साइन
कानपुर में सीएसजेएमयू और आईसीएआर के बीच एमओयू साइन।
कानपुर में सीएसजेएमयू और आईसीएआर के बीच एमओयू साइन। दोनों संस्थान मिलकर कृषि क्षेत्र में कार्य करेंगे। इसमें तकनीक का भी आदान प्रदान किया जाएगा।
कानपुर, अमृत विचार। छत्रपति शाहूजी जी महाराज और आईसीएआर-अटारी कृषि के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे। दोनों के बीच तकनीक का आदान प्रदान किया जाएगा। नए शोध पर कार्य होगा। छात्र-छात्राओं के स्टार्टअप में मदद की जाएगी। रविवार को दोनों के बीच एमओयू साइन किया गया।
रविवार को अटारी कानपुर के स्थापना दिवस के अवसर पर दोनों संस्थानों के मध्य समझौता ज्ञापित हुआ, जिसमें कृषि क्षेत्र में हो रहे एडवांस और नवीनतम अनुप्रयोगों में साझा रूप से कार्य करने के लिए सहमत हुए। विश्वविद्यालय की और से कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक एवं आईसीएआर अटारी के निदेशक डॉ. शांतनु कुमार दुबे ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
प्रो विनय कुमार पाठक ने कहा कि आने वाला समय कृषि में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और प्राकृतिक खेती का है। ऐसे कृषि उत्पाद पैदा करें जो रासायनिक विषाक्तता से मुक्त हो। डॉ. शांतनु कुमार दुबे ने कहा कि उनका संस्थान विश्वविद्यालय के कृषि संकाय को शैक्षिक, अनुसंधान एवम प्रसार के विषय में सभी तरह की मदद मुहैया कराएगा।
संस्थान के साथ संबद्ध 89 कृषि विज्ञान केंद्रों से भी छात्रों को प्रायोगिक शिक्षा के लिए जोड़ेगे। प्रति कुलपति डॉ. सुधीर अवस्थी, संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. सोनी गुप्ता, आईआईटी के स्टार्टअप इनोवेशन इंक्यूबेशन सेंटर के इंचार्ज प्रो. अंकुश शर्मा उपस्थित रहे।
स्टार्टअप और पेटेंट में मिलेगा सहयोग
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में सीएसजेएम यूनिवर्सिटी कैंपस एल्युमिनाई एसोसिएशन के सहयोग से स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट एवं आईपीआर अवेयरनेस एंड इनोवेशन प्रमोशन फोरम के बीच करार हुआ| कुलपति ने कहा कि इस एमओयू से प्रत्येक विभाग में स्टार्टअप एवं पेटेंट रजिस्ट्रेशन के संबंध में एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। आज छात्र-छात्राओं में अत्यधिक सीखने की ललक है। उनको जागरूक करने की आवश्यकता है। आईपीआर अवेयरनेस एंड इनोवेशन प्रमोशन फोरम के निदेशक नवदीप श्रीधर ने कहा कि इस एमओयू के माध्यम से छात्र-छात्राओं में उद्यमिता विकसित करने, उनको स्टार्टअप को लॉन्च करने स्टार्टअप के व्यवसायीकरण एवं निवेशकों को आकर्षित करने के बारे में व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा|
