Kanpur में पुलिस गश्त की खुली पोल, चोरों की बारात ने एक के बाद एक कर तीन घरों को बनाया निशाना
कानपुर में एक ही रात में तीन घरों में चोरी।
कानपुर के नवाबगंज, चमनगंज और रावतपुर थानाक्षेत्रों में चोरों ने एक के बाद एक कर तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने नगदी, जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में अलग-अलग थानाक्षेत्रों में चोरी की घटनाओं ने पुलिसिया गश्त की पोल खोलकर रख दी। रविवार रात घूम-घूम कर चोरों ने बरात निकालकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ितों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू। फिलहाल तीन स्थानों में हुई चोरी की घटना में लाखों का माल नकदी व माल पार हुआ है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
वैष्णोंदेवी गए परिवार के घर चोरी
नवाबगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत विष्णुपुरी निवासी राजू समोसे का ठेला लगाता है। रविवार रात चोरों ने उनके घर से नकदी व सामान पार कर दिया। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने राजू को घटना की जानकारी दी। एसीपी कर्नलगंज अकमल खां ने बताया कि राजू बीती 15 मार्च को परिवार संग वैष्णों देवी गए थे। रविवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने जाकर जांच की है। ताले को बेहद शातिराना तरीके से खोलकर चोर घर में दाखिल हुए हैं। घर के अंदर अलमारी का सामान भी बिखरा पड़ा है। फिलहाल मकान मालिक राजू के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनकी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उनके आने पर नुकसान का अंदाजा लग सकेगा। वहीं पड़ोसियों का कहना है, कि सामान जिस तरीके से फैला है, उससे हजारों का नुकसान का अनुमान है।
चमनगंज में ताला तोड़कर लाखों की चोरी
चमनगंज थानाक्षेत्र अंतर्गत सराएं निवासी रजी अहमद के घर में रविवार दोपहर चोरी हो गई। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुबह उनके पिता अतीक ड्यूटी चले गए थे। इसके बाद वह भी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 11 बजे के करीब घर से निकले थे। दोपहर एक बजे के करीब मां चमनआरा तलाक महल में रहने वाली नानी को देखने चली गईं। जब वह शाम को लौटे तो घर का ताला टूटा पड़ा था। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा था व अलमारी का लॉकर खुला था। तब उन्हें चोरी का अंदाजा हुआ। रजी के अनुसार चोर अलमारी में रखा बीसी का करीब एक लाख रुपये व सोने का सेट ले गए हैं। चोर नकदी समेत दो लाख रुपये के करीब का माल ले गए। चमनगंज थाना प्रभारी ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
केशवपुरम में लाखों के जेवरात पार
रावतपुर थानाक्षेत्र अंतर्गत केशवपुरम में रहने वाली मिथिलेश तिवारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि चोरों ने अलमारी से एक सोने की चेन, दो जोड़ी कान के झुमके, एक अंगूठी सोने की, आठ ग्राम सोने का सिक्का, दो जोड़ी पायल विछिया। सेंट्रल बैंक लाकर की चाबी चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पीड़िता के अनुसार लाखों रुपये के जेवरात चोरों ने पार कर दिया।
