Kanpur: टोल बढ़ोतरी के प्रस्ताव में हो सकता है संशोधन, कानपुर- प्रयागराज टोल दर का प्रस्ताव भेजा गया मंत्रालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर-प्रयागराज टोल दर का प्रस्ताव मंत्रालय भेजा गया है।

कानपुर-प्रयागराज टोल दर का प्रस्ताव मंत्रालय भेजा गया है। वहीं, टोल बढ़ोतरी के प्रस्ताव में संशोधन हो सकता है।

कानपुर, अमृत विचार। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के द्वारा कानपुर-प्रयागराज हाइवे पर टोल टैक्स दर बढ़ाने को लेकर भेजे गए प्रस्ताव में संशोधन किया जा सकता है। अभी इस हाइवे पर 50 से 60 फीसद तक टोल शुल्क बढ़ाने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन एक बार पुन: विचार के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। 
 
इस मार्ग के चौड़ीकरण का काम वर्ष 2019 से चल रहा है। इसका निर्माण पीएनसी कर रही है। कोरोना काल के चलते इस कार्य में रुकावट आई थी। पिछले साल फिर से गति मिली और अब करीब 99 फीसद काम को पूरा कर लिया गया है। सिक्स-लेन के रूप में तैयार हो रहे इस हाइवे को मार्च अंतिम तक पूरा किए जाने को लेकर दावा किया जा रहा है। इसी बीच टोल टैक्स की दर बढ़ाने को लेकर एनएचएआई की ओर से मंत्रालय प्रस्ताव भेज दिया गया है।
 
हालांकि अभी मंत्रालय से इसे स्वीकृति नहीं मिली है और इस प्रस्ताव पर एनएचएआई को दोबारा मंथन करने के लिए कहा जा सकता है। सूत्रों की मानें तो पुन: विचार के बाद संशोधन भी करने के आसार हैं, जिसके बाद फैसला लिया जा सकता है। जो टोल निर्धारित किया जाएगा, वह 31 मार्च की रात 12 बजे के बाद से लागू कर दिया जाएगा। कानपुर-प्रयागराज में दो टोल प्लाजा हैं। एक बड़ौरी और दूसरा कटोघन है। बड़ौरी में कार सहित अन्य चार पहिया वाहनों को 70 रुपये एक तरफ से टोल टैक्स देना पड़ता है।
 
विभागीय सूत्रों के अनुसार 24 घंटे में वापसी करने पर दोनों तरफ का शुल्क 105 रुपये या उससे ज्यादा हो सकता है। वहीं, कटोघन का एक तरफ का 55 रुपये टैक्स है, 24 घंटे में वापसी करने पर 85 रुपये है। सूत्रों के अनुसार अनुमानित दर 70 से 75 रुपये एक तरफ का टोल टैक्स हो सकता है। इसी तरह लखनऊ राजमार्ग पर नवाबगंज स्थित दिल्ली राजमार्ग पर बाराजोड़ टोलप्लाजा, सागर मार्ग पर स्थित अलियापुर व खन्ना टोल प्लाजा, झांसी रूट के टोल प्लाजा पर भी बढ़ोतरी की तैयारी है।
 

फतेहपुर-रूमा जाम से मिलेगी निजात

 
इस हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य दो सालों से चल रहा है। यह अक्टूबर में बनकर तैयार हो जाना चाहिए था, लेकिन कोविड के चलते नहीं बन पाया क्योंकि कोविड काल में लगे लाकडाउन और संक्रमण की तेज रफ्तार की वजह से मजदूर अपने घर लौट गए थे। अब काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में यह उम्मीद है कि अप्रैल में बनकर तैयार हो जाएगा। इस हाईवे के चौड़ा हो जाने से फतेहपुर, रूमा में लगने वाला जाम समाप्त होगा। रूमा में  ही इस हाईवे को आउटर रिंग रोड भी क्रॉस करेगी। हालांकि आउटर रिंग रोड से चौराहा नहीं बनेगा बल्कि फ्लाईओवर बनाया जाएगा और रैंप यहां उतार दी जाएगी।
 
कानपुर-प्रयागराज हाइवे पर टोल टैक्स बढ़ाया जाएगा। इसको लेकर मंत्रालय बढ़ी दर को लेकर प्रस्ताव भेज दिया गया है। मंत्रालय से निर्देश मिलने पर भेजे गए प्रस्ताव में संशोधन या पुन: मंथन किया जाएगा।- अमन रोहिला, परियोजना निदेशक, एनएचएआई

 

संबंधित समाचार