पीलीभीत: दोस्तों संग कार में सवार नेताजी ने हूटर बजाया तो थाने ले आई पुलिस, जानें फिर क्या हुआ?
पीलीभीत, अमृत विचार। कार में सवार होकर दोस्तों संग हूटर बजाकर रौब झाड़ना और पुलिस के इशारा करने पर भी कार न रोकना एक नेताजी को महंगा पड़ गया। कुछ ही देर में पुलिस पीछे से घर के नजदीक पहुंच गई और उन्हें पकड़ लिया। पुलिस सख्त हुई तो वह कोई जवाब भी नहीं दे सके। देर रात तक कोतवाली में कई सत्ताधारी नेता पहुंचे और फिर किसी तरह मामला रफा-दफा कराया जा सका। फिर पुलिस भी कार्रवाई से अनभिज्ञता जताती रही।
घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे के आसपास की है। खुद को सत्ताधारी दल से जुड़ा नेता बताने वाले शहर के एक युवा कार में सवार थे। वह बरेली से कुछ दोस्तों संग लौटे थे। बताते हैं कि शहर में प्रवेश करते ही रौब झाड़ने के लिए कार में लगा हूटर बजाना शुरू कर दिया। इधर, सुनहरी मस्जिद चौराहा के पास कोतवाली पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग कर रही थी। इस बीच हूटर बजाती हुई कार आती दिखी तो पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया।
बताते हैं इस पर रोकने के बजाए नेताजी कार दौड़ाकर ले गए और घर के पास एक स्थान पर खड़ी कर दी। कुछ ही देर में पीछे से कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई और उन्हें पकड़कर कोतवाली ले गई। खुद को फंसता देख नेताजी बचाव का रास्ता तलाशने में जुट गए। उधर, सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ नेता कोतवाली पहुंचे और फिर मामले को लेकर बातचीत का दौर तेज हो गया। फिर दोबारा ऐसी हरकत न करने की बात कही और मामला रफा-दफा कर दिया गया। घटना को लेकर जहां चर्चाएं तेज रही। सत्ताधारियों से जुड़ा मामला होने के चलते पुलिस भी इस तरह की धरपकड़ से अनभिज्ञता जता गई। जबकि कई प्रकरण से जुड़े कई नेताओं ने इसे स्वीकार किया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: एसपी साहब...नहीं दिखती एंटी रोमियो टीम, मनचले करते हैं परेशान
