अयोध्या: किसान मजदूर एकता मार्च कर लिया शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प
शहीदे आज़म भगत सिंह के शहादत दिवस पर निकाला गया किसान मजदूर एकता मार्च
अमृत विचार, अयोध्या। शहीदे आजम भगत सिंह के शहादत दिवस पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और उत्तर प्रदेश खेत मजदूर संगठन ने संयुक्त रूप से किसान मजदूर एकता मार्च निकाला, जो नगर निगम परिसर पहुंच सभा में तब्दील हो गया। दोनों संगठनों के लोगों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लिया। सभा के अंत में राज्यपाल के नाम सात सूत्रीय मांग पत्र जिला प्रशासन के प्रतिनिधि को सौंपा गया।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च 1931 को भगतसिंह, सुखदेव और राजगुरु ने देश की आजादी के लिए फांसी के फंदे को चूमा था। आजादी को 75 वर्ष बीत जाने के बावजूद शहीदों का सपना आज भी अधूरा है। देश की जनता सामाजिक और आर्थिक रूप से आज भी गुलामों जैसा जीवन जीने को विवश है। मंहगाई, बेरोजगारी, सामाजिक असमानता, भेदभाव, समाज में बढ़ती कट्टरता हमारे सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों-मजदूरों की हालत दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। किसानों की आमदनी लगातार घटती जा रही है ऊपर से खाद, बीज, सिंचाई के बढ़ते दामों और आवारा पशुओं से हो रही फसलों की बरबादी से किसान बेमौत मारा जा रहा है।
सभा को सूर्यकांत पांडेय, माकपा जिला सचिव अशोक यादव, रामजी राम यादव, अनिरुद्ध मौर्य, मायाराम वर्मा, एसएन बागी, अयोध्या प्रसाद तिवारी, विनोद सिंह, राम प्रकाश तिवारी, बाबूराम यादव, मुजीब अहमद व डॉ जगन्नाथ आदि ने संबोधित किया।
ये भी पढ़ें -औरैया: मुस्लिम युवती ने हिंदू युवक को चुना जीवनसाथी, लिए सात फेरे
